सिलपरा नहर में डूबे जुड़वा भाइयों का शव नहीं मिला,परिजनों ने किया चक्का जाम - rashtrmat.com

सिलपरा नहर में डूबे जुड़वा भाइयों का शव नहीं मिला,परिजनों ने किया चक्का जाम

 राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। बिछिया थाना क्षेत्र के सिलपरा नहर में डूबने से दो सगे जुड़वा भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अंशु सेन और प्रांशु सेन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों भाई कोचिंग के बाद सिलपरा नहर पहुंचे थे। यहां सेल्फी लेने के दौरान अचानक पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में जा गिरे और डूब गए।
दोनों भाइयों के शव बरामद नहीं
घटना को करीब 20 घंटे बीत जाने के बाद भी दोनों भाइयों के शव बरामद नहीं हो सके हैं। इसको लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। नाराज परिजनों ने रीवा-शहडोल मार्ग पर चक्काजाम कर दिया है, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो रहा है।
इलाके में तनावपूर्ण स्थिति
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद से ही प्रशासन ने गंभीरता नहीं दिखाई। उनका कहना है कि कल से न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही एसडीआरएफ की गोताखोर टीम ने रेस्क्यू शुरू किया। परिजनों का आरोप है कि समय रहते रेस्क्यू अभियान चलाया जाता तो शायद दोनों भाइयों के शव मिल सकते थे।
परिजन प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू कराने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल चक्काजाम के चलते इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
दोस्तों के साथ घूमने निकल थे
गौरतलब है कि मंगलवार की शाम दोनों भाई अपने दोस्तों के साथ घूमने निकले थे। इसी दौरान वे सिलपरा नहर पहुंचे जहां दोनों की डूबने की घटना हुई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। युवकों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाने की तैयारी की गई। लेकिन रात होने और अंधेरा होने के कारण अभियान शुरू नहीं हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *