आचार्य नीरज शास्त्री की कहानी मैं आपकी हूं की सबसे प्रभावशाली सीख है“प्रेम माँगा नहीं जाता, अपने व्यवहार से अर्जित किया जाता है। जो आपको स्वतंत्रता देकर भी आपका साथ निभाए, वही सच्चे प्रेम का अधिकारी है।”सच्चा प्रेम केवल आकर्षण या बड़ी-बड़ी कसमें खाने से साबित नहीं होता, बल्कि त्याग, विश्वास, सम्मान, धैर्य और अच्छे व्यवहार से अर्जित किया जाता है।
मैं आपकी हूं \ कहानी
रात के ग्यारह बजकर दस मिनट हो रहे थे। नितिन आज कुछ देर से घर लौटा था। हाथ-मुंह धोकर वह अपने कमरे में पहुंचा।कमरे में हल्की नीली रोशनी थी। रजनीगंधा की खुशबू से कमरा महक रहा था।एक खिड़की हल्की सी खुली थी खिड़की से आने वाली सुरभित हवा के झोंकों से पर्दे धीरे-धीरे हिल रहे थे। बिस्तर पर फूलों की पंखुड़ियाँ बिखरी थीं। उसे कुछ समझ नहीं आया। तभी प्राची ने प्रवेश किया तो नितिन सोफे पर बैठ गया। प्राची भी उसके पास आ बैठी। आज उसके चेहरे पर सौम्यता और माधुर्य की चमक थी। वह बार-बार नितिन की ओर देखती, और नजरें झुका लेती, फिर साहस के साथ वह नितिन के बराबर में खिसक आई।

“नितिन जी!”
“सुनो… मुझे माफ़ कर दो।”
नितिन ने आश्चर्य से उसकी ओर देखा तो वह बोली –
” मेरी गलतियां भुला दो मेरे देवता! मैं दोषी हूं, मैंने तुम्हारा दिल दुखाया है पर सच मानो… अब मैं ऐसा नहीं करूंगी।”
नितिन खिड़की की ओर देखने लगा तो गोदभराई से लेकर अब तक के सभी दृश्य उसके सामने प्रस्तुत हो गए।
नितिन मथुरा के होटल रसराज में मैनेजर है। कुछ ही दिन पहले उसके पिता दीनानाथ तिवारी हिंदी व्याख्याता के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। मां कुशल गृहिणी हैं। माता -पिता ने नितिन के विवाह के लिए आए प्राची के साथ रिश्ते के लिए हां कर दी और गोदभराई का समय आ गया। नितिन सगाई के दिन पहली बार प्राची से मिला। उसने प्राची से अकेले में बात की तो पूछा -” प्राची! क्या यह रिश्ता तुम्हारी खुशी से हो रहा है?”
“हां” प्राची ने उत्तर दिया।
“क्या तुम मुझे पसंद करती हो?” नितिन ने पूछा।
“हां”
“देखो! कोई बात हो तो मुझे पहले ही बता दो, मैं अपनी ओर से मना कर दूंगा।तुम किसी दबाव में आकर हां मत करना। अभी भी सोच लो, तुम्हारे पास समय है।” नितिन ने कहा।
“नहीं… कोई दबाव नहीं है और कोई बात भी नहीं है, मैं शादी के लिए तैयार हूं।”
नितिन आश्वस्त हो गया और गोदभराई की रस्म पूरी हुई।
कुछ दिन बाद शादी थी। इस बीच में भी नितिन ने प्राची का मन समझने की कोशिश की लेकिन सब ठीक ही लगा। धूमधाम से शादी हुई बारात देखने लायक थी । नितिन और उसके पिता तिवारी जी दोनों ही प्रतिष्ठित व्यक्ति हैं इसलिए शहर के डॉक्टर,आई ए एस,आई पी एस, पत्रकार और लेखक सभी बारात में सम्मिलित हुए। शादी की अगली रात बंगले का तीसरी मंजिल पर नितिन का कमरा रातगंधा की खुशबू से महक रहा था कमरे में हल्की नीली रोशनी थी एक खिड़की हल्की सी खुली थी और बिस्तर पर गुलाब की पंखुड़ियां सजी थीं।
नितिन ने कमरे में प्रवेश किया तो प्राची फुफकार उठा -“रुको! मेरी ओर आने की कोशिश मत करना।”
नितिन को उसका व्यवहार समझ नहीं आया। उसने बहुत प्यार से पूछा -” क्या बात है प्राची! क्या हुआ?”
कुछ नहीं… मैं किसी और से प्यार करती हूं, इसलिए मुझसे दूर ही रहना।”
“तो मुझे बता देतीं! मैं स्वयं पीछे हट जाता। मैंने तो तुमसे पूछा था।
प्राची ने गुस्से में कहा—”मैं कुछ नहीं जानती। बस मेरे पास आने की कोशिश मत करना। वरना मैं शोर मचाऊंगी और घर से भाग जाऊँगी।”
” लेकिन क्यों? तुमने मुझसे झूठ क्यों बोला? नितिन बोला।
क्योंकि मुझे मेरे मां-बाप ने मुझे इस शादी के लिए मजबूर किया था और मैं उनकी इज्जत धूल में नहीं मिला सकती थी”
” लेकिन मेरे माता-पिता के सम्मान का क्या? मेरी इज्जत का क्या? जबकि हमारी तो कोई ग़लती है ही नहीं।”
नितिन ने हाथ जोड़कर कहा-
“ऐसा मत करना प्राची! मेरे पिताजी को दिल की बीमारी है। यह सदमा वे सहन नहीं कर पाएँगे। मैं तुमसे दूर-दूर रहूंगा लेकिन घर से भागने जैसी कोई गलत हरकत मत करना। हम मिलकर कोई रास्ता निकालेंगे।”

उस रात वह सोफे पर सो गया।लेकिन नींद आंखों से ओझल हो गई।वह सोचता रहा -” प्राची ने ऐसा क्यों किया? मेरी क्या गलती क्या थी? मैंने तो उससे बार बार पूछा था। जिसे मैं अपनी जीवनसंगिनी बनाकर घर लाया,वह तो किसी और को अपना मानती है।”
उसके सारे सपने रेत के महल की तरह बिखर गए थे।उस रात फिर उसे अपने गुरुदेव आचार्य विमल मित्र की याद आई। आचार्य विमल मित्र ने ही उसे सीनियर सेकेंडरी में हिंदी पढ़ाई थी। वही उसके मार्गदर्शक थे और वही प्रेरक। पहले भी कोई समस्या आई तो उसने उनसे ही परामर्श पाकर उसे हल किया। सवेरा होते ही वह तैयार होकर आचार्य विमल मित्र के घर जा पहुंचा, अपनी समस्या उनके सामने रखी तो विमल मित्र ने कहा -”
“बेटा, आजकल बच्चे ऊपरी आकर्षण और चकाचौंध को ही प्यार समझ लेते हैं। अधिक मामलों में यह झूठा और इकतरफा ही होता है… लेकिन प्यार का भूत न तो ओझा या पंडित उतार सकता है, और न ही किसी डॉक्टर के पास इसका कोई इलाज है। इस समस्या को केवल समझदारी से और समय पर छोड़कर ही हल किया जा सकता है।”
” कैसे गुरुदेव!मैं समझा नहीं !”नितिन ने पूछा।
“देखो बेटा, यदि तुम इस रिश्ते को नहीं निभाना चाहते तो सम्मानपूर्वक अलग होना उचित है और यदि तुम इस रिश्ते को बचाना चाहते हो तो अपनी अच्छाई और व्यवहार से अपनी पत्नी का दिल जीतो उसे सही को समझने का अवसर दो। मगर ध्यान रखना…उसे किसी बात के लिए बाध्य मत करना।”
कुछ रुककर उन्होंने कहा—”यह बात भी याद रखना नितिन कि प्रेम माँगा नहीं जाता, अर्जित किया जाता है।”
गुरुदेव द्वारा किए गए मार्गदर्शन ने उसके मन-मस्तिष्क को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।उस ने आचार्य के चरण स्पर्श किए और घर लौट आया।
होटल जाने से पहले उसने प्राची से कहा —” केवल एक दोस्त की तरह पूछ रहा हूं प्राची! क्या तुम्हें कोई चीज चाहिए? मैं शाम को लेता आऊंगा।”
वह कुछ सोचकर बोली —” क्या तुम मुझे मोबाइल नया मोबाइल दे सकते हो ?मुझे मोबाइल चाहिए। घरवालों ने मेरा पुराना मोबाइल छीन लिया था।”
नितिन को पता था कि मोबाइल मिलने के बाद वह अपने प्रेमी से संपर्क कर सकती है लेकिन गुरुदेव के मार्गदर्शन के अनुसार उसने उसकी इच्छा पूरी की और
शाम को लौटते समय वह एक नया मोबाइल और सिम कार्ड ले आया।
उसने मुस्कराते हुए कहा—”प्राची! तुम्हें मोबाइल चाहिए था न! यह लो”
नया मोबाइल पाकर वह खिल उठी।नितिन उसके साथ इसी तरह सकारात्मक और अप्रत्याशित व्यवहार करने लगा। कभी उसकी पसंद की मिठाई लाता तो कभी कपड़े और कभी कोई और आकर्षक वस्तु जो उसे चाहिए थी। वह उसे घुमाने ले जाता,फिल्म दिखाता और उसकी पसंद का खाना खिलाता।

उसने कभी उसके अतीत के बारे में बात नहीं की और कभी अपने लिए भी उससे कोई उम्मीद नहीं की।प्राची को यह देखकर आश्चर्य होता था, उसे लगता था कि यह व्यक्ति या तो पूरी तरह मूर्ख है या फिर देवता क्योंकि
जिस व्यक्ति को उसने अपनी जिंदगी में स्वीकार ही नहीं किया,वही व्यक्ति उसकी छोटी-बड़ी खुशियों का ध्यान रख रहा है।धीरे-धीरे उसके मन में नितिन के प्रति सम्मान का भाव जागा ।
एक महीना कब बीत गया पता ही नहीं चला सावन का महीना आया। रिमझिम फुहारें आने लगीं। सावन में नवविवाहिता अपने पीहर जाती हैं,इसी परंपरा के अनुसार प्राची के आग्रह पर नितिन भी उसे उसके मायके छोड़ आया।मायके जाकर प्राची के मन में अपने प्रेमी राहुल से संपर्क करने की इच्छा तीव्र हुई, उसके पास नितिन का दिया मोबाइल था। लेकिन इस बार वह राहुल को परखना चाहती थी। इसलिए उसने सोशल मीडिया पर ‘आयशा’ नाम से एक नई आई डी बनाई,जिसमें किसी दूसरी लड़की की तस्वीर लगाकर उसने राहुल को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज दी।
राहुल ने रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली।
प्राची ने बातचीत शुरू की।
“हेलो! कैसे हैं आप?”
राहुल: “मैं बढ़िया हूँ। आप कौन?”
” मैं आयशा, आपकी एक पोस्ट देखी थी। अच्छी लगी, इसलिए रिक्वेस्ट भेज दी।”
राहुल: “ओह! धन्यवाद। वैसे आप कहाँ रहती हैं?
“दिल्ली, सरिता विहार फ्लाई के सामने ”
बातचीत आगे बढ़ी।
राहुल: ” आप मैरिड हैं या सिंगल?”
” जी,अभी तो सिंगल हूँ।”
राहुल ने तुरंत लिखा—
“फिर तो दोस्ती हो सकती है। मैं भी अभी सिंगल हूँ।”
प्राची पढ़ते ही चौंक गई कि
जो व्यक्ति कहता था कि मेरे अलावा उसके जीवन में कोई और लड़की आ ही नहीं सकती,वह किसी अनजान लड़की से इतनी जल्दी नजदीकियाँ बढ़ाने लगा!
परंतु उसने बातचीत जारी रखी।कुछ दिन बाद राहुल ने उससे वीडियो कॉल करने का आग्रह किया।प्राची ने बहाना बनाया-” फिर कभी… आज तो मेरे चेहरे पर पिंपल्स हो गए हैं , इसलिए मैं चेहरा नहीं दिखा सकती।”
एक दिन उसने लिखा—
“आयशा! तुम सवाल मत किया करो।मुझे ऐसी लड़की पसंद है जो ज्यादा सवाल न करे। जिंदगी का मजा लेना चाहिए।”
प्राची ने पूछा—”और अगर तुम्हारी जिंदगी में पहले से कोई लड़की हो तो?”
राहुल ने हँसते हुए जवाब दिया—”अरे, दोस्ती और प्यार में इतना हिसाब कौन रखता है! आज तुम हो, कल कोई और। जिंदगी का क्या भरोसा?”
प्राची का दिल बैठ गया।
उसने आगे पूछा—”क्या तुमने कभी किसी लड़की से सच्चा प्यार किया है ?”
“ऐसे मैं किसी के चक्कर में अपनी जिंदगी खराब नहीं कर सकता।”
प्राची को लगा कि राहुल ने उसके हृदय पर चोट की है।

उसने आखिरी सवाल किया—”यदि तुम मुझसे शादी करो तो क्या जिंदगी भर साथ निभाओगे?”
राहुल ने जवाब दिया—”अरे मैडम! शादी- वादी प्यार की गारंटी नहीं होती शादी तो घरवालों के लिए होती है, और प्यार अपने लिए।मजे लो.. शादी के झमेले में पड़ने वाले मूर्ख होते हैं।”
प्राची के सामने राहुल की सच्चाई आ गई।वह सोचने लगी -“जिस राहुल के लिए मैंने अपने परिवार की इज्जत दाव पर लगा दी,वह तो प्यार को खेल समझता है।वह न किसी का था, और न किसी का होना चाहता है।”
उस रात प्राची बहुत देर तक रोती रही।उसने राहुल के पुराने संदेश पढ़े,बड़ी-बड़ी कसमें याद की और अचानक राहुल को ब्लॉक कर दिया, सदा-सदा के लिए। फिर उस नितिन की यादों ने घेर लिया।
वह दिन, जब वह बिना शिकायत के उसके लिए मोबाइल लेकर आया, उसके साथ घूमना-फिरना, वह हर छोटी खुशी, जिसका नितिन ने ध्यान रखा।और सबसे बड़ी बात, मायके आने के बाद भी उसने एक बार भी फोन करके लौटेने के लिए नहीं पूछा।
प्राची को पहली बार समझ आया कि नितिन वह व्यक्ति है, जो उसे रोक सकता था, लेकिन उसने स्वतंत्रता दी , अपमानित कर सकता था, लेकिन सम्मान दिया , बदला ले सकता था, लेकिन गलती सुधारने का अवसर दिया था।वह साधारण व्यक्ति नहीं देवता है।उसकी आँखों से आँसू बह निकले लेकिन इन आंसुओं ने उसके मन के धरातल को पवित्र कर दिया था। उसने अपने माता-पिता के सामने जाकर अपनी गलती स्वीकार की-
“मां-पापा, आप लोग सही थे। मैंने बहुत बड़ी गलती की, लेकिन आज मुझे समझ आ गया है कि मां-बाप कभी गलत नहीं होते। आपने मेरे लिए एक अच्छा जीवनसाथी चुना,लेकिन मैंने आपके साथ -साथ अपने उनको भी दुख दिया। अब मैं अपनी गलती सुधारना चाहती हूँ।”
माँ ने उसे गले लगा लिया,पिता ने नम आँखों से उसके सिर पर हाथ रखा।प्राची ने नितिन को फोन किया, नितिन ने कॉल रिसीव किया -“कैसे हैं आप?”
“मैं ठीक हूँ। तुम कैसी हो?”
“कल सावन का आखिरी दिन है। मुझे लेने आ जाइए।” प्राची ने कहा।
“ठीक है, आ जाऊँगा।”
और नितिन ने फोन रख दिया।अगले दिन वह उसे घर ले आया।घर में सबने बहू का स्वागत किया। नितिन उसे छोड़कर होटल चला गया।नितिन इन सभी दृश्यों में उलझा हुआ था तभी प्राची ने उसके कंधे पर हाथ रखकर कहा -”
” सुनो जी! मुझे माफ कर दो। मैंने जिसके लिए आपका निरादर किया, वह तो आपके प्रेम और व्यवहार के आगे कुछ भी नहीं था। आपके प्रेम और व्यवहार ने मुझे यह समझा दिया कि आकर्षण और प्रेम में कितना अंतर होता है,अब उससे मेरा कोई वास्ता नहीं। मैंने उसे सदा- सदा के लिए अपने मन से निकाल दिया है।”
फिर उसने नितिन का हाथ पकड़कर कहा—
“मैंने मां-पापा से भी माफी माँगी है। आज से मैं तन-मन से आपकी हूँ। … यदि आप मुझ पर विश्वासकर सको तो मुझे अपना लो मेरे देवता! मैं आपके विश्वास को कभी टूटने नहीं दूँगी।”
इतना कहकर उसने अपना सिर नितिन के कंधे पर रख दिया और नितिन ने उसे थाम लिया।

-आचार्य नीरज शास्त्री
34/2,’गायत्री निवास’, लाजपत नगर, एन.एच-2, मथुरा 281004