राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो) । स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में रीवा के बीहर नदी रिवर फ्रंट को स्वच्छ रिवर टाउन श्रेणी में देश में प्रथम स्थान प्राप्त होना पूरे विंध्य क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर महापौर अजय मिश्रा ‘बाबा’ ने रीवा के नागरिकों, सम्मानित पार्षदों, नदी किनारे रहने वाले परिवारों, नगर निगम के सफाई मित्रों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित सभी सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति या संस्था का नहीं, बल्कि पूरे रीवा शहर की सामूहिक मेहनत और जनभागीदारी का परिणाम है।

नदी और घाटों की स्वच्छता का परिणाम है
महापौर ने कहा कि बीहर नदी की स्वच्छता और संरक्षण के लिए लगातार किए गए प्रयास, घाटों का नियमित रखरखाव, कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और नागरिकों की जागरूकता इस उपलब्धि के प्रमुख आधार हैं। रिवर फ्रंट का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन देश में प्रथम स्थान केवल निर्माण कार्यों से नहीं, बल्कि धरातल पर नदी और उसके घाटों को स्वच्छ बनाए रखने के प्रयासों से प्राप्त हुआ है।

200 अंकों के आधार पर मूल्यांकन किया गया
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में पहली बार नदी किनारे बसे नगरीय निकायों के लिए स्वच्छ रिवर टाउन की विशेष श्रेणी में 200 अंकों के आधार पर मूल्यांकन किया गया। इसमें प्रतिदिन घाटों की सफाई, कचरे का पृथक्करण, पूजन सामग्री का उचित संग्रहण, नालों की सफाई, सार्वजनिक शौचालयों की उपलब्धता तथा घाटों के आसपास 500 मीटर के क्षेत्र में कचरा डंपिंग रोकने जैसे महत्वपूर्ण मानक शामिल थे। सर्वेक्षण के दौरान घाटों का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर फोटो एवं वीडियो के माध्यम से व्यवस्थाओं का सत्यापन भी किया गया।
MP में 73 निकाय नदी किनारे बसें हैं
इस राष्ट्रीय मूल्यांकन में रीवा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि छत्तीसगढ़ का बिलासपुर दूसरे और उत्तर प्रदेश का वाराणसी तीसरे स्थान पर रहा। मध्यप्रदेश के 73 नदी किनारे बसे नगरीय निकायों एवं 106 घाटों को इस विशेष मूल्यांकन में शामिल किया गया था।

अपनी विशिष्ट पहचान बनाई
महापौर ने विशेष रूप से कहा कि इस गौरवशाली उपलब्धि में नगर निगम के सम्मानित पार्षदों की महती भूमिका रही है। उनके सहयोग, सफाई मित्रों और कर्मचारियों की निरंतर मेहनत तथा शहरवासियों की सक्रिय सहभागिता से रीवा नगर पालिक निगम ने देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। किसी सामूहिक उपलब्धि का श्रेय केवल एक व्यक्ति या एक निर्माण परियोजना को देना उन हजारों लोगों के योगदान को नजरअंदाज करना होगा, जिन्होंने बीहर नदी को स्वच्छ रखने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं।
सीवेज का वैज्ञानिक उपचार प्राथमिकता रहेगी
महापौर ने कहा कि बीहर नदी की स्वच्छता बनाए रखना हमारी सतत जिम्मेदारी है। नदी में नालों का गंदा पानी मिलने से रोकना, सीवेज का वैज्ञानिक उपचार, पूजन सामग्री का उचित निस्तारण, नियमित सफाई तथा नदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण का संरक्षण नगर निगम की प्राथमिकता रहेगी।

बीहर नदी को केवल पर्यटन का केंद्र न समझें
अंत में महापौर ने शहरवासियों से अपील की कि बीहर नदी को केवल पर्यटन और मनोरंजन का केंद्र न समझें, बल्कि रीवा की प्राकृतिक धरोहर मानकर इसकी स्वच्छता एवं संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाएं।
महापौर ने कहा कि बीहर नदी हमारी विरासत है, इसकी स्वच्छता पूरे रीवा का सम्मान है और इसकी रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।