राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।कलेक्टर आदित्य सिंह की अध्यक्षता में जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक आयोजित की गई। जहां विधायको, किसान संगठन के पदाधिकारी, सिंचाई एवं कृषि विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में रबी सीजन में फसलों की सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता पर चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि इस वर्ष जिले में औसत से कम बारिश हुई है। जिसके कारण जिले के जलाशयों में रबी सीजन में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नही है।
राजीव सागर बांध में अत्यंत कम पानी
बैठक में तय किया गया कि रबी सीजन में धान की फसल के लिए नहरों से पानी नही दिया जाएगा। अत: किसान रबी सीजन में धान की बजाय चना, सरसों, मसूर, कुसुम की फसल लगाए। राजीव सागर बांध में अत्यंत कम पानी होने के कारण इस परियोजना की नहर से रबी सीजन में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध नही हो पाएगा। ढूटीं, खराडी एवं अन्य लघु एवं मध्यम सिंचाई परियोजना से सीमित क्षेत्र में ही चना, सरसों, मसूर, कुसुम की सिंचाई के लिए पानी दिया जाएगा।
अधिक मात्रा में पानी उपलब्ध हो सकेगा
बैठक में विधायको ने कहा कि सिंचाई विभाग के अधिकारी किसानों से संपर्क कर उन्हें स्पष्ट जानकारी उपलब्ध करा दे कि रबी सीजन में धान की सिंचाई के लिए नहर से पानी नही मिलेगा। अत: धान की बजाय कम पानी में पकने वाली अन्य फसल लगाए। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ संपर्क बनाये रखे और उनसे सिंचाई की कार्य योजना साझा करें। विधायक ने कहा कि सिंचाई विभाग के अधिकारी वैनगंगा एवं बावनथडी नदी में अधिक संख्या में एनीकेट एवं स्टॉप डेम आदि बनाने के प्रस्ताव तैयार करें, जिससे जिले में अधिक मात्रा में पानी उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के भण्डारा एवं गोंदिया जिले में इन नदियों पर अधिक संख्या में एनीकेट बनाए गए है। अत: बालाघाट जिले में भी सिंचाई विभाग को इस दिशा में कार्य करने की आवश्यकता है।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश
बैठक में सिंचाई विभाग की नहरों के जर्जर होने एवं उनके सफाई एवं सुधार कार्य की आवश्यकता बतायी गई। इस पर कलेक्टर आदित्य सिंह ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकसित भारत जी रामजी योजना में नहरों के सुधार व मरम्मत कार्य के प्रस्ताव शीघ्र तैयार करें। बैठक में कम वर्षा के कारण गर्मियों के दिनों में नगरीय क्षेत्रों में पेयजल की समस्या न हो इसके लिए कार्य योजना बनाने की आवश्यकता बतायी गई। इस पर कलेक्टर ने कहा कि शीघ्र ही संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर इस पर निर्णय लिया जाएगा।