राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पडरा मोहल्ले से सामने आया है। अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए घर की आलमारी का ताला तोड़कर 18 लाख से अधिक के सोने के गहने लेकर फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

पत्नी बच्चों को स्कूल लेने गई थीं
जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग में लाइनमैन के पद पर पदस्थ नागेंद्र सिंह के घर में कल दोपहर करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच चोरी की वारदात हुई। बताया जा रहा है कि नागेंद्र सिंह अपने निजी काम से घर से बाहर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी बच्चों को स्कूल लेने गई थीं।

अलमारी का ताला टूटा हुआ था
घर में किसी के मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मकान में प्रवेश किया और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए।कुछ देर बाद जब नागेंद्र सिंह की पत्नी बच्चों के साथ घर पहुंचीं तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर की अलमारी का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखे कीमती जेवरात गायब थे। 18 लाख के गहने चोर लेकर चंपत हो गए।इसके बाद तत्काल चोरी की घटना की सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही
सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि अज्ञात चोरों की पहचान की जा सके।अब सवाल यह उठता है कि शहर के बीचों-बीच दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चोर आखिर कब पुलिस की गिरफ्त में आएंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।