*परिवार के सहयोग से मुंबई तक तय किया सफर
*दंगल टीवी के सीरियल ‘मन अति सुंदर’ में कर रहीं अभिनय
राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।बालाघाट की उभरती अभिनेत्री नगीना बोपचे हैं, जिन्होंने अभिनय की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। बचपन से फिल्म इंडस्ट्री में काम करने का सपना देखने वाली नगीना आज मुंबई में रहकर टेलीविजन धारावाहिकों में अपने अभिनय का हुनर दिखा रही हैं। वर्तमान में वह दंगल टीवी के लोकप्रिय सीरियल ‘मन अति सुंदर’ में काम कर रही हैं।

द लिटर्न चिल्ड्रन कंपनी’ के साथ काम किया
नगीना बोपचे ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बालाघाट के इंग्लिश स्कूल से ग्रहण की। पढ़ाई के साथ ही उनके मन में अभिनय के प्रति गहरी रुचि थी। परिवार से अनुमति और सहयोग मिलने के बाद उन्होंने मुंबई का रुख किया और अपने सपनों को साकार करने के लिए संघर्ष शुरू किया। वर्ष 2021 में उन्होंने ग्रेजुएशन पूरा किया, जबकि 2022 में थिएटर से अभिनय की बारीकियां सीखीं। वर्ष 2023 में उन्हें पहला काम मिला। इस दौरान उन्होंने ‘द लिटर्न चिल्ड्रन कंपनी’ के साथ भी काम किया। नगीना ने ‘नागिन’ और ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ जैसे चर्चित धारावाहिकों में काम करने का अनुभव हासिल किया है। इसके अलावा अभिनेता अरुण गोविल के साथ भी उन्हें काम करने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि एक प्रोजेक्ट में मध्यप्रदेश की ही लड़की की आवश्यकता थी और उनका चयन होना उनके लिए सौभाग्य की बात रही। वर्तमान में वह ‘मन अति सुंदर’ सीरियल में अभिनय कर रही हैं और इसे अपने करियर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानती हैं।

सपना उन्होंने बचपन से देखा था
नगीना का कहना है कि फिल्म इंडस्ट्री में आने का सपना उन्होंने बचपन से देखा था, लेकिन इस सफर को शुरू करने के लिए परिवार की अनुमति और सहयोग बेहद जरूरी था। परिवार ने उनका हौसला बढ़ाया और मुंबई जाकर काम करने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि परिवार का भरपूर सहयोग मिलने से ही वह अपने सपनों की दिशा में आगे बढ़ पाईं। हालांकि इस क्षेत्र में कई तरह की गलत धारणाओं और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन अपनी मानसिकता सकारात्मक रखकर आगे बढ़ना जरूरी है। तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव पर नगीना ने कहा कि उन्होंने एआई के तहत भी काम किया है, लेकिन तकनीक इंसान के वास्तविक भाव और इमोशन पूरी तरह प्रस्तुत नहीं कर सकती। अभिनय में भावनाओं की अहम भूमिका होती है और इसके लिए मानवीय क्षमता तथा कलाकार की मेहनत जरूरी है। उनका मानना है कि अभिनय के क्षेत्र में इंसानी प्रतिभा और कलाकारों की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण बनी रहेगी।

चयन अलग-अलग आधार पर
नगीना के अनुसार पहले नए कलाकारों के लिए फिल्म और टेलीविजन की दुनिया में अवसर तलाशना काफी कठिन होता था, लेकिन अब सोशल मीडिया ने इस रास्ते को कुछ आसान बनाया है। सोशल मीडिया के माध्यम से कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने और निमार्ताओं तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है। हालांकि अलग-अलग निर्माता कलाकारों का चयन अलग-अलग आधार पर करते हैं। कोई फॉलोअर्स देखता है तो कोई अन्य पहलुओं को महत्व देता है। नए कलाकारों को अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए आॅडिशन देने पड़ते हैं। भाषा और क्षेत्रीय पहचान भी कई बार काम दिलाने में मददगार साबित होती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र से जुड़ी कहानियों या किरदारों के लिए संबंधित क्षेत्र के कलाकारों को प्राथमिकता मिलना उनके लिए फायदेमंद हो सकता है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें अब तक अपने काम के दौरान किसी बुरे अनुभव या शोषण जैसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ा है। नगीना ने बताया कि बालाघाट से मुंबई तक के सफर में उन्हें अभी तक यहां के किसी अन्य कलाकार से मुलाकात नहीं हुई है। उनका मानना है कि छोटे शहरों के युवाओं में भी प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत केवल सही अवसर, मेहनत और सकारात्मक सोच की है।