राष्ट्रमत न्यूज,नई दिल्ली/अनंतपुर(ब्यूरो)।आंध्र प्रदेश में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां पर एक व्यक्ति ने प्यार का प्रस्ताव ठुकराने पर 10वीं की छात्रा पर जानलेवा हमला बोल दिया। उसने पेड़ काटने वाली मशीन से उसका गला काटने की कोशिश की। फिलहाल छात्रा अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है। घटनाए आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिला स्थित रप्ताडू मंडल के जिला परिषद हाई स्कूल का है। बताया जाता है कि आरोपी हाथ में पेड़ काटने वाली मशीन लेकर स्कूल में घुसा। इसके बाद उसने भरी क्लास में ही छात्रा के ऊपर हमला बोल दिया। जब तक कोई कुछ समझ पाता वह छात्रा को बुरी तरह से घायल करके वहां से भाग निकला।

हमले के बाद आरोपी भागा
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि छात्रा कक्षा के अंदर खून से लथपथ पड़ी रही। हमला होते देख वहां मौजूद छात्र और शिक्षक तुरंत हरकत में आए और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। स्कूल के शिक्षकों और छात्रों ने घायल छात्रा को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी है।
स्कूल में भारी दहशत
आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने बड़े पैमाने पर खोजबीन शुरू की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस हिंसक घटना से छात्र, शिक्षक और अभिभावक गहरे सदमे में हैं और स्कूल में भारी दहशत का माहौल है।