*निजी अस्पताल में नर्स थी मृतिका
*प्रेमी अस्पताल में था वार्डबॉय का काम
राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले के रामपायली थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। ग्राम बोदलकासा और खापा के बीच नहर किनारे बांस की झाड़ियों के नीचे युवती का शव चुनरी के फंदे से लटका मिला। घटनास्थल पर युवती का कथित प्रेमी शव के पास ही बैठा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर युवक को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और युवती की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
अस्पताल में वार्डबॉय था
जानकारी अनुसार मृतिका की पहचान साक्षी पिता रामेश्वर डोहरे 21 वर्ष निवासी लिंगमारा के रूप में हुई है। वह बालाघाट के एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत थी। वहीं हिरासत में लिया गया युवक आकाश बाघमारे 25 वर्ष निवासी गोरेघाट भी उसी अस्पताल में वार्डबॉय के पद पर काम करता था।
युवक ने सीपीआर देने का प्रयास किया
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था। जहां 29 अक्टूबर को आकाश बाघमारे, प्रेमिका साक्षी को बाइक से लेकर बालाघाट से निकला था। दोनों के वारासिवनी पहुंचने की जानकारी युवती के परिजनों को भी मिली थी। इसके बाद आकाश युवती को लेकर अपने गांव गोरेघाट की ओर जा रहा था। इसी दौरान शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच दोनों खापा और बोदलकासा के बीच नहर के पास पहुंचे। युवक ने पुलिस को बताया कि खापा और बोदलकासा के बीच नहर के पास पहुंचने पर उसने बाइक खड़ी की और युवती को वहीं छोड़कर शौच के लिए चला गया। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा, तो साक्षी चुनरी के फंदे से बांस के नीचे लटकी हुई थी। युवक ने उसे नीचे उतारकर सीपीआर देने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसने अपने परिचितों को घटना की जानकारी दी। वहीं मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
झाड़ियों के नीचे युवती का शव पड़ा था
रामपायली पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना रात करीब 9 से 10 बजे के बीच मिली थी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो बांस की झाड़ियों के नीचे युवती का शव पड़ा था और युवक उसके पास बैठा हुआ था। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे रात करीब 12 बजे रामपायली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां सुरक्षित रखा गया।
कई सवाल खड़े हो रहे हैं
वही 30 अक्टूबर की सुबह करीब 11 बजे युवती के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं, पुलिस ने आकाश बाघमारे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल युवती की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या की या फिर उसकी मौत के पीछे कोई अन्य वजह है? घटनास्थल पर युवक की मौजूदगी और उसके द्वारा बताई गई घटनाक्रम की जानकारी को पुलिस जांच के दायरे में रखा गया है।