राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। रीवा में करवाचौथ का व्रत रखने वाली नीलू साकेत ने पति से विवाद के बाद घर में रखा महावर और चूहा मारने की दवा घोलकर पी ली। परिजनों के मुताबिक, रात में पति मनोज साकेत शराब पीकर घर आया था। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ और पति ने नीलू के साथ मारपीट की। इसके बाद नीलू ने जहरीला पदार्थ पी लिया।

शराब पीकर घर आने पर हुआ विवाद
घटना गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बभनगवां की है। परिजनों के मुताबिक, नीलू ने करवाचौथ पर दिनभर निर्जला व्रत रखा था। रात में पति के शराब पीकर घर आने पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि मनोज ने पत्नी के साथ मारपीट भी की। इससे आहत होकर नीलू ने घर में रखी महावर और चूहा मारने की दवा घोलकर पी ली।

संजय गांधी के आईसीयू में भर्ती
वीरेंद्र साकेत ने बताया कि करवाचौथ पर भी उसका भाई मनोज शराब पीकर घर आया था। इसी बात को लेकर भाभी नाराज थी।वहीं, प्रदीप साकेत ने कहा कि उसकी बहन ने दिनभर पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा था, लेकिन रात में पति के शराब पीकर आने और मारपीट करने से वह आहत हो गई।हालत बिगड़ने पर परिजन नीलू को संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां गंभीर हालत में उसे आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसका इलाज जारी है।