राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बहेला पुलिस ने ओडिशा निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 24.314 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी गांजे को प्लास्टिक की बोरी में छिपाकर बिक्री के उद्देश्य से लाया था।

मुखबिर से सूचना मिली थी
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 की रात थाना बहेला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भुरसाडोंगरी तिराहे के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने के उद्देश्य से मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान तिराहे से लगभग 150 मीटर दूर लांजी की ओर मुख्य मार्ग के समीप झाड़ियों में छिपे एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया गया। जहां तलाशी के दौरान संदिग्ध के कब्जे में रखी पीले रंग की प्लास्टिक की बोरी से खाकी रंग के टेप में लिपटे 11 पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर इनमें कुल 24.314 किलोग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने गांजे को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सीमांचल मलिक (27 वर्ष), निवासी बलाकिया पाडीगन, जिला कंधमाल, ओडिशा के रूप में हुई है।
खरीदारों के संबंध में पुलिस की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपने गांव के जंगल में अवैध रूप से गांजा उगाने और उसे बेचने के उद्देश्य से लाने की बात बताई है। हालांकि, गांजे के वास्तविक स्रोत, उसके परिवहन और संभावित खरीदारों के संबंध में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और आपूर्ति नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। उक्त कार्यवाही के बाद बहेला पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 77/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में प्रकरण दर्ज किया है। बहेला पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।