राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले के तिरोड़ी थाना क्षेत्र में महिला की हत्या और उसके जेवर लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वारदात के करीब 20 दिन बाद पुलिस ने 21 वर्षीय आरोपी राकेश मरकाम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सोने के आभूषण लूटने की नीयत से महिला के सिर पर लकड़ी के डंडे से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर लूटा गया सोने का मंगलसूत्र, वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा, खून से सने कपड़े और मोटरसाइकिल जब्त की है।

सोने के टॉप्स लेकर फरार हो गया
पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर 2026 को गांव में तालाब के किनारे एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतका की पहचान 56 वर्षीय खेलनबाई तुरकर के रूप में हुई। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और हत्या के साथ लूट की आशंका पर भी पड़ताल की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला के गले में सोने का मंगलसूत्र और कानों में सोने के टॉप्स देखे। आभूषण लूटने की नीयत से उसने महिला पर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। सिर पर छह से सात वार किए जाने से महिला की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर महिला के गले से मंगलसूत्र और कानों से सोने के टॉप्स लेकर फरार हो गया।

पुलिस आरोपी तक पहुंची
वारदात के बाद आरोपी तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौती था। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मृतका के शव से करीब 100 फीट की दूरी पर खून से सना लकड़ी का डंडा बरामद हुआ। इसके अलावा आसपास के ग्रामीणों और घटनास्थल से करीब 400 मीटर दूर स्थित गांव के लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन की तकनीकी जांच और कॉल डिटेल रिकॉर्ड का विश्लेषण भी किया। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।
भैंस चरा रही खेलनबाई को देखा
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वारदात दिनांक से करीब छह से सात दिन पहले उसकी पत्नी की डिलीवरी तुमसर स्थित भोलसे प्राइवेट अस्पताल में हुई थी। जहां पत्नी को अस्पताल में छह से सात दिन तक भर्ती रहना पड़ा था। जिस कारण उसे पैसों की अत्यधिक आवश्यकता थी। 08 अक्टूबर को आरोपी अपनी मोटर-साइकिल से मॉयल तिरोड़ी पहुंचा था। वहां ब्लास्टिंग का काम करने के बाद वह दोपहर करीब 12:30 बजे मैगजीन के पास मोटर-साइकिल खड़ी कर रेलवे पटरी की ओर गया। जहाँ दोपहर करीब 1 बजे उसने तालाब के पास भैंस चरा रही खेलनबाई को देखा। महिला के गले में सोने का मंगलसूत्र और कानों में सोने के टॉप्स थे। जहाँ आभूषण देखकर आरोपी के मन में उन्हें लूटने का लालच आया और वह करीब 10 से 15 मिनट तक महिला की गतिविधियों पर नजर रखता रहा।

सिर पर जानलेवा वार किए
महिला भैंसों को लेकर रेलवे पटरी के दूसरी ओर गई और भैंसों के तालाब में जाने पर तालाब की ओर मुंह करके बैठ गई, तब आरोपी ने पास के खेत की फेंसिंग से लकड़ी का मोटा डंडा निकाला और पीछे से महिला के सिर पर जानलेवा वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने महिला के गले से मंगलसूत्र और दाहिने कान का सोने का टॉप्स निकाल लिया। वारदात के बाद उसने घटना में इस्तेमाल किया गया डंडा झाड़ियों में फेंक दिया और वहां से चला गया। जो पुलिस के लिए जाँच की कड़ी बना।
सोने का मंगलसूत्र बरामद
रुपयों की कमी दूर करने आरोपी ने कटंगी जाकर जेवर करीब 25 हजार रूपए मे गिरवी रख दिए थे। जहां पुलिस ने प्रकरण के खुलासे और आरोपी रूपेश मरकाम की गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर मृतिका का लूटा गया सोने का मंगलसूत्र बरामद किया है। इसके अतिरिक्त आरोपी द्वारा घटना के समय पहने गए कपड़े और उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। कुलमिलाकर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय स्तर पर की गई पूछताछ और गहन विवेचना के आधार पर मामले का खुलासा किया गया है।