नई दिल्ली। साहित्य, कला एवं संस्कृति को समर्पित प्रसिद्ध चैनल एवं पत्रिका ट्रू मीडिया के तत्वावधान में दिल्ली के हिंदी भवन, आईटीओ में ‘ट्रू मीडिया काव्य अक्षर साझा संग्रह भाग-3’ का भव्य लोकार्पण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। साहित्यिक गरिमा और रचनात्मक अभिव्यक्ति से परिपूर्ण इस आयोजन में दिल्ली-एनसीआर के साहित्यकारों, कवियों, लेखकों, पत्रकारों एवं गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की।

समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सविता चड्ढा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में ऑल इंडिया रेडियो, दिल्ली के सहायक निदेशक राम अवतार बैरवा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. अरविंद कुमार गुप्त, डॉ. अंजु क्वात्रा, आर.के. यादव, डॉ. अर्चना गर्ग एवं अशोक गुप्ता शामिल रहे। कार्यक्रम का संयोजन ट्रू मीडिया के मुख्य संपादक ओमप्रकाश प्रजापति ने किया, जबकि मंच का प्रभावशाली संचालन कवि नीरज नयन नायाब ने किया।
महत्वपूर्ण भूमिका निभाते
इस साझा काव्य संग्रह में दिल्ली-एनसीआर के 52 लेखक-लेखिकाओं की रचनाओं को स्थान दिया गया है। विभिन्न भावभूमियों, जीवनानुभवों और रचनात्मक दृष्टिकोणों से सुसज्जित यह संग्रह हिंदी साहित्य की विविधता और समृद्धि को सामने लाने का प्रयास है। अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन साहित्यकारों को साझा मंच प्रदान करने के साथ नई पीढ़ी में पठन-पाठन और लेखन के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह में डॉ. पुष्पा जोशी, डॉ. सूक्ष्म लता महाजन, डॉ. पूजा भारद्वाज, डॉ. नीरजा मेहता, डॉ. कविता मल्होत्रा, अर्चना त्यागी, डॉ. रोहित रोज, पंकज सक्सेना एवं देवेंद्र प्रकाश शर्मा सहित अनेक साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों, साहित्यकारों और पत्रकारों को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न, प्रमाण पत्र, मग एवं पगड़ी भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई।
पाठकों तक पहुंचाना भी आवश्यक है
अतिथियों ने ट्रू मीडिया की साहित्यिक गतिविधियों तथा ‘काव्य अक्षर’ श्रृंखला के माध्यम से रचनाकारों को मंच प्रदान करने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि साहित्य के विकास के लिए लेखन और प्रकाशन के साथ रचनाकारों को प्रोत्साहन देना तथा उनके कार्यों को पाठकों तक पहुंचाना भी आवश्यक है।
समारोह के अंत में ओमप्रकाश प्रजापति ने सभी अतिथियों, साहित्यकारों, पत्रकारों और उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त किया। ‘काव्य अक्षर साझा संग्रह भाग-3’ का लोकार्पण समारोह हिंदी साहित्य, सांस्कृतिक एकता और रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में संपन्न हुआ।