राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर(ब्यूरो)।छत्तीसगढ़ में झीरम की घटना को लेकर एक बार फिर सियासत गरम हो गयी है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि दीपक बैज भाजपा पर आरोप लगाने से पहले कांग्रेस के नेताओं के बयानों पर अपना रुख स्पष्ट करें। जिनके लिए हिड़मा रोल माडल है। कांग्रेस बताए कि झीरम के साक्ष्य होने का दावा करने वाले बताएं साक्ष्य कहां गए।

कांग्रेस विरोध क्यों नहीं करती
उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी दिग्विजय सिंह या छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं की ओर से नक्सलवाद को लेकर विवादित बयान सामने आने पर कांग्रेस नेतृत्व चुप क्यों रहता है। उन्होंने हिड़मा को रोल माडल बताए जाने जैसी बातों का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे बयानों पर कांग्रेस खुलकर विरोध क्यों नहीं करती।
झीरम के साक्ष्य कहां गए
केदार कश्यप ने झीरम घाटी से जुड़े कथित साक्ष्यों को लेकर भी कांग्रेस पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तत्कालीन सरकार के मुख्यमंत्री लगातार दावा करते रहे कि उनके पास झीरम घटना से जुड़े पूरे साक्ष्य मौजूद हैं। इसके बावजूद कांग्रेस ने अपने पांच साल के शासन में उन साक्ष्यों को सामने क्यों नहीं रखा।उन्होंने सवाल किया कि यदि कांग्रेस के पास झीरम से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य थे तो उन्हें सार्वजनिक करने और उनके आधार पर कार्रवाई करने से किसने रोका।

तिरंगा यात्रा को लेकर गृहमंत्री पर निशाना
दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री तिरंगा यात्रा के दौरान झीरम जा रहे हैं। उन्हें झीरम जाना चाहिए, लेकिन वहां जाकर झीरम कांड को लेकर प्रायश्चित भी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि झीरम की घटना में कांग्रेस के कई बड़े नेताओं समेत सुरक्षा जवानों की जान गई थी।बैज ने कहा था कि भाजपा नेताओं को झीरम कांड जैसे गंभीर मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय शहीदों का सम्मान करना चाहिए और जनता के सामने अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए।