राष्ट्रमत न्यूज,लखनऊ(ब्यूरो)। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने भव्य राम मंदिर में रामलला के दर्शन-पूजन किए।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर अरविंद केजरीवाल ने पलटवार किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “महाराज जी। आप चंदा चोरों का क्यो साथ दे रहे हो? ये चंदा चोर आपको भी हटाने का षड्यंत्र कर रहे हैं। आपकी कुर्सी भी नहीं छोड़ेंगे। भगवान राम के घर हुई महा डकैती के राक्षसों को सरे आम फाँसी दिलवाने के मेरे संघर्ष में आप मेरा साथ दीजिए। इस महापाप में भागीदार मत बनिए।”

अयोध्या धाम जैसी चमकदार होती
इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन पर बिना नाम लिए निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली के साथ वैसा ही न्याय किया होता जैसा भाजपा की डबल इंजन सरकार ने अयोध्या के साथ किया है, तो आज दिल्ली की तस्वीर भी अयोध्या धाम जैसी चमकदार होती।
तो दिल्ली भी ऐसी ही चमकती
सीएम ने आगे कहा, “अगर यही न्याय जो अयोध्या के साथ डबल इंजन की बीजेपी की सरकार ने किया है, अगर यही न्याय आम आदमी पार्टी दिल्ली के साथ करती तो दिल्ली भी ऐसी ही चमकती, जैसे आज अयोध्या धाम चमक रहा है। चारों तरफ फोरलेन की कनेक्टिविटी और इंटरनेशनल एयरपोर्ट है।”
एफआईआर महज दिखावा
अयोध्या पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “एफआईआर महज दिखावा और ढोंग है। इस मामले में आठ निचले स्तर के कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। यह घोटाला बहुत लंबे समय से चल रहा था। यह स्पष्ट है कि केवल कनिष्ठ कर्मचारी इतने लंबे समय तक ऐसी गतिविधियां नहीं कर सकते थे। इस घोटाले के तार बहुत ऊंचे स्तर तक जाते हैं, लेकिन बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है, जबकि सारा दोष इन छोटे कर्मचारियों के सिर पर डाला जा रहा है।”