ओड़िसा की तरह छग में भी सार्वजनिक वितरण प्रणाली का उपयोग संभवःसंजय - rashtrmat.com

ओड़िसा की तरह छग में भी सार्वजनिक वितरण प्रणाली का उपयोग संभवःसंजय

राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर(ब्यूरो) छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने शनिवार को ओडिशा राज्य के भुवनेश्वर में संचालित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का विस्तृत अध्ययन एवं निरीक्षण किया। इस अध्ययन दौरे का उद्देश्य खाद्यान्न वितरण व्यवस्था, भंडारण, परिवहन, डिजिटल निगरानी प्रणाली तथा उपभोक्ता हितों से संबंधित व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन कर उनके सफल मॉडलों का अध्ययन करना था, ताकि छत्तीसगढ़ की सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाया जा सके।

कई व्यवस्थाएं अध्ययन योग्य

अपने प्रवास के दौरान   संजय श्रीवास्तव ने ओडिशा सरकार के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री माननीय श्री कृष्ण चन्द्र पात्रा से सौजन्य भेंट की।श्रीवास्तव ने इस अवसर पर कहा कि राज्यों के बीच नवाचारों एवं सफल व्यवस्थाओं का आदान-प्रदान सुशासन को और अधिक मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि ओडिशा द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के संचालन में अपनाई गई कई व्यवस्थाएं अध्ययन योग्य हैं, जिनका मूल्यांकन कर छत्तीसगढ़ में भी आवश्यकतानुसार उपयोग किया जा सकता है।

विभाग के मुख्यालय का भी भ्रमण किया
दौरे के दौरान श्रीवास्तव ने खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण विभाग के मुख्यालय का भी भ्रमण किया। विभाग के अधिकारियों ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से ओडिशा की सार्वजनिक वितरण प्रणाली की कार्यप्रणाली, तकनीकी नवाचारों, ऑनलाइन निगरानी तंत्र, खाद्यान्न आवंटन एवं वितरण की प्रक्रिया, शिकायत निवारण व्यवस्था, हितग्राही सत्यापन प्रणाली तथा विभाग द्वारा लागू किए गए सुधारात्मक उपायों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
आवश्यक पहल की जाएगी
संजय श्रीवास्तव ने विभागीय अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत जानकारी की सराहना करते हुए कहा कि तकनीक आधारित निगरानी और पारदर्शी वितरण प्रणाली से आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि अध्ययन दौरे से प्राप्त अनुभवों का विश्लेषण कर छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह तथा जनकेंद्रित बनाने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी।