रीवा के ईको पार्क में दो दिवसीय गुजराती गरबा 12 से - rashtrmat.com

रीवा के ईको पार्क में दो दिवसीय गुजराती गरबा 12 से

 
राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। शारदीय नवरात्रि पर्व के अवसर पर मां भद्रकाली की आराधना और शक्ति की उपासना के लिए शहर के ईको पार्क में दो दिवसीय रास-रात्रि गरबा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। सत्यम डांस एकेडमी के तत्वावधान में 12 और 13 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का संरक्षण  समाजसेवी एवं हिंदू उत्सव समिति धर्म परिवार के अध्यक्ष गुरमीत सिंह मंगू भैय्या कर रहे हैं।
शांति और भाईचारे का संदेश देना
  पत्रकारों से चर्चा के दौरान कार्यक्रम के आयोजक शीतल मेहर, रेखा तिवारी, सह-संयोजक नेहा एवं अदिति, सौरभ सिंह राठौर और कोरियोग्राफर सत्यम तोमर ने आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नवरात्रि के दौरान गरबा महोत्सव को लेकर लोगों में बढ़ते उत्साह और प्रेम को देखते हुए इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को एक मंच पर लाकर मां की आराधना के साथ सामाजिक एकता, शांति और भाईचारे का संदेश देना है।
  प्रतिभा दिखाने का अवसर
आयोजकों ने बताया कि रास-रात्रि गरबा महोत्सव विशेष रूप से उन महिलाओं, बहनों और कपल्स के लिए आयोजित किया जा रहा है, जो किसी कारणवश अपनी प्रतिभा को सामने नहीं ला पाते। इस मंच के माध्यम से उन्हें खुशी और उमंग के साथ गरबा नृत्य करने, मां की आराधना में शामिल होने तथा अपनी कला को निखारने का अवसर मिलेगा।
गुजराती गरबा और रास रनवे खास आकर्षण
दो दिवसीय आयोजन में विशाल मंच और आकर्षक लाइटिंग के बीच भक्तिमय माहौल में गरबा नृत्य किया जाएगा। कार्यक्रम में पारंपरिक वेशभूषा पर आधारित ‘रास रनवे’ विशेष आकर्षण रहेगा। इसके साथ ही गुजराती गरबा प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रतिभागियों को अपनी नृत्य कला और पारंपरिक संस्कृति का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।आयोजकों ने रीवा सहित आसपास के क्षेत्रों के गरबा प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *