महिला की ज्वेलरी हड़पने वाले तीन पुलिस कर्मी निलंबित - rashtrmat.com

महिला की ज्वेलरी हड़पने वाले तीन पुलिस कर्मी निलंबित

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। रीवा जिले के मनगवां थाने में एनडीपीएस कार्रवाई के दौरान एक महिला की चेन और अंगूठी को पुलिस कर्मियों ने जबरिया हड़प लिया। सोने की चेन और अंगूठी का कहीं कोई रिकार्ड नहीं। विधिवत इसकी बदामदगी भी कहीं नहीं दिखाई। जांच में कार्यवाहक निरीक्षक गजेंद्र सिंह धाकड़, आरक्षक विजय यादव और आरक्षक बृजकिशोर का आचरण संदिग्ध पाया गया। ज्वेलरी जब्त करने के बाद उसकी बरामदगी रिकार्ड में नहीं होने पर इन्हें निलंबित किया गया है।


महिला के वीडियो पर एक्शन
पीड़ित महिला ने वायरल वीडियो में कहा कि कोरेक्स का आरोप लगाते हुए पुलिस ने चेन,अगूंठी,पर्स और दस हजार रुपए ले ली। दस लाख रुपए अलग से मांग रही थी। जबकि उनका आरोप गलत था। महिला ने वीडियो में अपने गहने वापस दिलाने की मांग की। वीडियो के आधार पर आईजी गौरव राजपूत ने थाना प्रभारी कार्यवाहक निरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों को कल रात तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। फिलहाल तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस की कार्रवाई गलत थी
बताया जाता है कि पुलिस ने बारात से लौट रहे कुछ युवकों को पकड़कर थाने लाकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और 5,13 औषधि नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की। आरोप है कि इसी दौरान पुलिस ने एक महिला की सोने की चेन और अंगूठी अपने पास रख ली। जबकि इन जेवरों का इस पूरे मामले या अपराध से कोई सीधा संबंध नहीं था।
भ्रष्ट आचरण पाया गया
आईजी के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई। जांच में कार्यवाहक निरीक्षक गजेंद्र सिंह धाकड़, आरक्षक विजय यादव और आरक्षक बृजकिशोर अहिरवार का आचरण प्रथम दृष्टया भ्रष्ट और संदिग्ध पाया गया। यह साबित हुआ कि ज्वेलरी जब्त करने का मामला नहीं बनता। साथ ही जब्त ज्वेलरी की बरामदगी रिकार्ड में नहीं दर्शाई गई। इसके बाद रीवा आईजी गौरव राजपूत डीआईजी हेमंत चैहान, एसपी शैलेन्द्र सिंह चैहान और प्रभारी एसपी संदीप मिश्रा की मानिटरिंग में तीनों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया।