ईटपाल के तेंदूपत्ता गोदाम में भीषण आग,करोड़ों का तेंदूपत्ता खाक - rashtrmat.com

ईटपाल के तेंदूपत्ता गोदाम में भीषण आग,करोड़ों का तेंदूपत्ता खाक

राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। बीजापुर जिले के ईटपाल स्थित तेंदूपत्ता गोदाम में सोमवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते गोदाम में रखी हजारों बोरी तेंदूपत्ता उसकी चपेट में आ गई और जलकर खाक हो गई। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस हादसे में 10 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
आग लगने की वजह अज्ञात
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गई। आग की लपटें काफी तेज होने के कारण उसे बुझाने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
अफरा-तफरी का माहौल
प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *