सौम्या चैरसिया की हाई कोर्ट सेे अग्रिम जमानत की याचिका खारिज - rashtrmat.com

सौम्या चैरसिया की हाई कोर्ट सेे अग्रिम जमानत की याचिका खारिज

राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर(ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में पूर्व राज्य सेवा अधिकारी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उप सचिव रह चुकीं सौम्या चौरसिया को बड़ा झटका लगा है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। अदालत के इस फैसले के बाद सौम्या चौरसिया की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

saumya

अग्रिम जमानत याचिका खारिज

हाईकोर्ट की सिंगल बेंच में सौम्या चौरसिया की ओर से दायर अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान एसीबी और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा ने जमानत का कड़ा विरोध किया। जांच एजेंसियों ने अदालत को बताया कि मामला बेहद गंभीर है और इसमें बड़े पैमाने पर आर्थिक अनियमितताओं के आरोप हैं। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने सौम्या चौरसिया की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।

हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका

दरअसल, छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई के बाद सौम्या चौरसिया पर शिकंजा कसता चला गया। ईडी की जांच और गिरफ्तारी के बाद आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा की ओर से भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही थी। इसी गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए सौम्या चौरसिया ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी।

 शासन ने मांगा था समय

इस मामले में 8 जनवरी को हुई पिछली सुनवाई के दौरान राज्य शासन ने अदालत से अपना पक्ष रखने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था। अदालत ने शासन को समय दिया था। तय समय पर राज्य शासन और जांच एजेंसियों की ओर से पक्ष रखे जाने के बाद हाईकोर्ट ने आज अपना फैसला सुनाते हुए अग्रिम जमानत से इनकार कर दिया।

पहले ही ED कर चुकी है गिरफ्तारी

इस प्रकरण में ईडी पहले ही सौम्या चौरसिया को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके बाद अब आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा ने अपने मामले में उन्हें हिरासत में लेने की तैयारी तेज कर दी है। ईओडब्ल्यू ने प्रोडक्शन वारंट के तहत विशेष अदालत में आवेदन भी दिया है, जिससे उनकी संभावित गिरफ्तारी को लेकर स्थिति और गंभीर हो गई है।

जांच और तेज हो सकती है

अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद सौम्या चौरसिया के लिए कानूनी राहत के रास्ते सीमित हो गए हैं। अब ईओडब्ल्यू की ओर से उन्हें हिरासत में लिए जाने की पूरी संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में पूछताछ और जांच और तेज हो सकती है।