राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। रीवा जिले के चाकघाट में खाद वितरण के मामले में कलेक्टर के आदेश और व्यवस्था की धज्जियां उड़ गयी। उन्होंने दावा किया था कि खाद वितरण स्थान में किसानों को सारी सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी। खाद व्यवस्थित तरीके से वितरित होंगे। वहां पुलिस और अधिकारी रहेंगे। लेकिन चाकघाट में ऐसी कोई समुचित व्यवस्था नहीं होने से खाद के टोकन के लिए खूब हंगामा हुआ। भीड़ में फंसी महिलाओं को भी धक्के खाने पड़े। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसने प्रशासनिक व्यवस्था की कलई खोल कर रख दिया।

धक्का मुक्की से हंगामा
चाकघाट के हनुमान मंदिर प्रांगण में बुधवार को खाद टोकन वितरण में भारी अव्यस्था होने की वजह से किसानों को खाद का टोकन लेने के लिए अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। महिलाएं भीड़ में फंस गयी। धक्का मुक्की से हंगामा हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जो सरकारी व्यवस्था की पोल खोल कर रख दिया।
भीड़ में लात घूसे चले
खाद की किल्लत और टोकन न मिलने के डर से बड़ी संख्या में किसान बुधवार सुबह से ही मंदिर परिसर में जमा थे। जैसे ही वितरण शुरू हुआ वहां भीड़ बेकाबू हो गई। जल्दबाजी के चक्कर में लोग एक.दूसरे को धक्का देने लगे और देखते ही देखते लात.घूंसे चलने लगे। वहां मौजूद अधिकारी और कर्मचारी तमाशा देखते रहे।

अव्यवस्था चरम पर
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए थे। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल नहीं था।टोकन बांटने के लिए कोई कतार लगवाई गई थी। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए भी अलग से कोई व्यवस्था नहीं थी। इस वजह से अव्यवस्था चरम पर थी। स्थिति बिगड़ गई।
कलेक्टर का आदेश दिखावा था
किसानों का आरोप है कि प्रशासन ने भीड़ का सही आकलन नहीं किया। यदि टोकन वितरण चरणबद्ध तरीके से होता और सुरक्षा के इंतजाम किए जाते तो यह स्थिति नहीं बनती। खाद वितरण में लापरवाही का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि कलेक्टर ने जो कहा था क्या वो सिर्फ दिखावा था।