रुद्राराम के जंगलों में तस्कर धड़ल्ले से काट रहे हैं सागोन के पेड़ - rashtrmat.com

रुद्राराम के जंगलों में तस्कर धड़ल्ले से काट रहे हैं सागोन के पेड़

 राष्ट्रमत न्यूज बीजापुर(ब्यूरो)। भोपालपटनम वन परिक्षेत्र के रुद्राराम इलाके में वन तस्करों द्वारा बड़े पैमाने पर विशालकाय सांगोन (सागौन) के पेड़ों की अवैध कटाई किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र के जंगलों में लंबे समय से संगठित तरीके से कीमती पेड़ों की कटाई की जा रही है और लकड़ी को जंगल से बाहर खपाया जा रहा है।
वन संपदा को नुकसान
सूत्रों का दावा है कि वन विभाग के सुस्त रवैये और कमजोर निगरानी का फायदा उठाकर वन तस्कर बेखौफ होकर जंगलों में आरी चला रहे हैं। कई स्थानों पर कटे हुए विशालकाय पेड़ों के ठूंठ इस बात की ओर संकेत करते हैं कि अवैध कटाई लगातार जारी है, जिससे करोड़ों रुपये की वन संपदा को नुकसान पहुंच रहा है।
बड़े पैमाने पर अवैध कटाई  
विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो रुद्राराम क्षेत्र के जंगलों को भारी क्षति पहुंच सकती है। लगातार हो रही इस अवैध कटाई से पर्यावरण और जैव विविधता पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है। अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर वन विभाग की निगरानी के बावजूद वन तस्कर इतने बड़े पैमाने पर अवैध कटाई को कैसे अंजाम दे रहे हैं? क्या विभाग की कथित निष्क्रियता से तस्करों के हौसले बढ़ रहे हैं या फिर इस पूरे मामले में किसी प्रकार की मिलीभगत की भी जांच की आवश्यकता है? क्षेत्र में इन सवालों को लेकर चर्चाएं तेज हैं और मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *