रूबी थाईलैंड में 3A साइड वॉलीबॉल चैंपियनशिप में लेंगी हिस्सा - rashtrmat.com

रूबी थाईलैंड में 3A साइड वॉलीबॉल चैंपियनशिप में लेंगी हिस्सा

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट (ब्यूरो)।बालाघाट की रूबी अली थाईलैंड में आयोजित होने वाली सीनियर इंटरनेशनल 3A साइड वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह प्रतियोगिता 10 से 14 अगस्त तक थाईलैंड के पटाया में आयोजित की जाएगी।इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए रूबी अली बालाघाट से मुंबई में आयोजित प्रशिक्षण कैंप के लिए रवाना हो गई हैं। कैंप में शामिल होने के बाद वह थाईलैंड के लिए प्रस्थान करेंगी।

अब तक 15 राष्ट्रीय पुरस्कार जीते

शनिवार को प्रशिक्षण कैंप में जाने से पहले रूबी ने  बताया कि इस खेल में केवल तीन खिलाड़ी होते हैं और उनका पूरा प्रयास होगा कि वे विदेशी धरती पर भारत का परचम लहराएं।रूबी अली ने अब तक ओपन, स्कूल, यूनिवर्सिटी और एसोसिएशन के आयोजित वॉलीबॉल, रॉकबॉल, शूटिंग वॉल और 3ए साइड वॉलीबॉल जैसे खेलों में 14 से 15 राष्ट्रीय पुरस्कार जीते हैं।

मिट्टी के मैदान में खेलती रही

उन्होंने बताया कि 16 सालों तक वॉलीबॉल खेलने के बाद पिछले दो सालों से उन्होंने 3A साइड वॉलीबॉल पर ध्यान केंद्रित किया है। हाल ही में पुडुचेरी में हुए राष्ट्रीय खेलों में उनका चयन सीनियर इंटरनेशनल प्रतियोगिता के लिए किया गया था।रूबी ने अपनी चुनौती बताते हुए कहा कि वे अब तक मिट्टी के मैदान में खेलती रही हैं, जिससे उनका शरीर और क्षमता उसी के अनुकूल ढल गई है। इंडोर गेम में यह मुश्किल होता है, लेकिन वे  बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *