राम मंदिर के आठ चढ़ावा चोर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजे गए - rashtrmat.com

राम मंदिर के आठ चढ़ावा चोर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजे गए

 राष्ट्रमत न्यूज,लखनऊ/अयोध्या(ब्यूरो)।   रामभक्तों की आस्था को आघात पहुंचाने वाले राममंदिर चढ़ावा चोरी के आठों आरोपितों की पुलिस को रिमांड नहीं मिली। सोमवार को वीडियो कांफ्रेसिंग से सुनवाई हुई और आठों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इन आठों को पुलिस ने 26 जून को गिरफ्तार किया था। सभी आठों आरोपियों की एंटी करप्शन कोर्ट में वर्चुअल माध्यम से पेशी हुई।

रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया

वर्चुअल माध्यम से पेशी हुई

वीडियो कांफ्रेंसिंग पर सुनवाई के दौरान विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण जज रजत वर्मा ने 13 जुलाई तक आठों आरोपितों की न्यायिक रिमांड अवधि बढ़ा दी है। अयोध्या में अधिवक्ताओं के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए कोर्ट प्रशासन ने दो बजे वीडियो कांफ्रेसिंग हॉल में सुनवाई का फैसला किया था। राम मंदिर दान गबन मामले में सोमवार को सभी आठों आरोपियों की एंटी करप्शन कोर्ट में वर्चुअल माध्यम से पेशी हुई।

ये हैं चढ़ावा चोरी के आरोपित

एसआईटी ने रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय के चालक रहे रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू सहित आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी की सिफारिश की थी।अनुकल्प मिश्र, लवकुश मिश्र, मनीष यादव, राजेश पाठक, रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू, अविनाश शुक्ल, करुणेश पांडेय और सुभाष श्रीवास्तव।

न्यायिक अभिरक्षा में ही रहेंगे

सुनवाई के बाद अदालत ने सभी आरोपियों की न्यायिक हिरासत (जुडिशल कस्टडी) 14 दिनों के लिए बढ़ा दी है। अदालत के आदेश के बाद सभी आरोपी फिलहाल जेल में ही रहेंगे। इस दौरान पुलिस ने किसी भी आरोपी की कस्टडी रिमांड की मांग अदालत से नहीं की। ऐसे में आरोपियों से पुलिस हिरासत में पूछताछ नहीं होगी और वे न्यायिक अभिरक्षा में ही रहेंगे।

आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर

राम मंदिर दान गबन मामले को लेकर जांच एजेंसियां लगातार साक्ष्य जुटाने में लगी हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई अदालत के निर्देशों और जांच की प्रगति के आधार पर होगी। यह मामला प्रदेश ही नहीं, पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है।श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले में मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की शिकायत पर रमाशंकर यादव टिन्नू सहित आठ लोगों के खिलाफ गुरुवार को आठ नामजद व एक अन्य अज्ञात आरोपी के खिलाफ रामजन्मभूमि थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।