राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट के नामी सरकारी जटाशंकर त्रिवेदी कॉलेज (एक्सीलेंस कॉलेज) में छात्र-छात्राओं को बुनियादी सुविधाओं के लिए तरसना पड़ रहा है। कहने को तो यह ‘एक्सीलेंस’ कॉलेज है, लेकिन यहां पीने के साफ पानी से लेकर टॉयलेट तक की भारी कमी है।इन समस्याओं को लेकर शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज में जमकर विरोध-प्रदर्शन किया और प्रिंसिपल को अपनी मांगों का लेटर सौंपा।

पहली मंजिल पर टॉयलेट नहीं
एबीवीपी के जिला संयोजक आदित्य अग्रवाल ने बताया कि कॉलेज की पहली मंजिल पर एक भी टॉयलेट नहीं है, जिसकी वजह से छात्र-छात्राओं को बहुत परेशानी होती है। यही नहीं, कॉलेज में प्यास बुझाने के लिए 6 वाटर फिल्टर तो लगे हैं, लेकिन उनमें से 4 लंबे समय से बंद पड़े हैं।कॉलेज में दूर-दराज के गांवों से आने वाले बच्चों के लिए कैंटीन तक की सुविधा नहीं है, जिससे उन्हें नाश्ते-पानी के लिए बाहर भटकना पड़ता है।
तो कॉलेज में होगी तालाबंदी
एबीवीपी के पदाधिकारियों ने कॉलेज प्रशासन को साफ चेतावनी दी है कि उन्होंने 15 दिनों तक छात्रों से बात करके यह लिस्ट तैयार की है। अगर अगले 15 दिनों के अंदर इन 9 जरूरी मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो परिषद कॉलेज के गेट पर ताला लगा देगी और बड़ा आंदोलन करेगी। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

लाइब्रेरी में वाई-फाई की मांग
छात्रों ने मांग रखी है कि कॉलेज की लाइब्रेरी में हाई-स्पीड वाई-फाई लगाया जाए और पुरानी हो चुकी किताबों की जगह नए सिलेबस वाली किताबें लाई जाएं। साथ ही, लाइब्रेरी में बच्चों के बैठने की जगह भी बढ़ाई जाए। छात्रों का कहना है कि कॉलेज में एक हेल्प डेस्क (पूछताछ काउंटर) भी होना चाहिए, ताकि नए छात्रों को जानकारी के लिए इधर-उधर न दौड़ना पड़े।