राष्ट्रमत न्यूज,भोपाल/दतिया(ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और बीजेपी के कद्दावर नेता नरोत्तम मिश्रा मंच से अपने संबोधन के दौरान रो पड़े। दतिया से बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी के नामांकन दाखिल करने के मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने बीजेपी कार्यकर्ताओं से चुनाव प्रचार में जी जान से जुट जाने की अपील की। इसी दौरान वे भावुक हो गए और उनका गला भर आया।

नरोत्तम मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि दतिया के मालिकों एक-एक दरवाजे पर जाऊंगा शीश नवाऊंगा। उन्होंने कहा कि आशुतोष भैया को जिताने के लिए पार्टी का कार्यकर्ता प्राण झोंक देगा। इस भ्रम और मुगालते में कोई नहीं रहे कि कार्यकर्ता घर बैठेगा। उन्होंने आगे कहा कि 16 तारीख से सारे कार्यकर्ताओं के साथ में यहीं पर डेरा जमाएंगे। मैं दतिया के मालिकों एक-एक दरवाजे पर जाऊंगा अपना शीश नवाऊंगा. एक-एक गांव के अंदर जाऊंगा और आशुतोष भैया को जिताऊंगा।

आशुतोष तिवारी ने दाखिल किया नामांकन
दतिया के हाई वोल्टेज दंगल में बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने आज नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन के अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव, नरोत्तम मिश्रा समेत पार्टी के शीर्ष नेता मौजूद थे। इससे यह संदेश भी गया कि बीजेपी में सब कुछ ठीक है। नामांकन दाखिल करने के बाद बीजेपी की ओर से दतिया में एक जनसभा भी की गई। इसी दौरान नरोत्तम मिश्रा ने भी भाषण दिया और कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील की। भाषण के दौरान वे भावुक हो गए।
कांग्रेस को करारी शिकस्त देंगे-मोहन यादव
वहीं मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और कहा कि देश में कांग्रेस अब लापता होती जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दिन में सपने देख रही है, जो कभी पूरे नहीं होंगे। उन्होंने दावा किया कि दतिया विधानसभा उपचुनाव में जीत बीजेपी की होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रम फैलाने का काम कर रही है लेकिन आशुतोष और नरोत्तम जी साथ मिलकर कांग्रेस को करारी शिकस्त देंगे।

आपके टिकट का विरोध किया, माफी चाहता हूं
दूसरी तरफ, कांग्रेस की सभा के मंच से दिग्विजय सिंह ने अवधेश नायक से माफी मांगी। दिग्विजय बोले- मैंने आप के टिकट का विरोध किया था। कारण था कि आप तभी भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। लेकिन आपने 2023 के विधानसभा चुनाव में दमदारी और ईमानदारी से काम किया। राजेंद्र भारती को जिताया। मैं आपका आभार व्यक्त करता हूं। मैंने कहीं आपका अपमान किया हो तो मैं आपसे माफी चाहता हूं।