पति ने गर्भवती पत्नी को मार डाला,गर्भ में पल रहे जुड़वां बच्चों की भी मौत - rashtrmat.com

पति ने गर्भवती पत्नी को मार डाला,गर्भ में पल रहे जुड़वां बच्चों की भी मौत

  राष्ट्रमत न्यूज,नई दिल्ली(ब्यूरो)। पंजाब के मानसा जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां गांव ठूठियांवाली में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी के अवैध संबंधों के शक में तेजधार हथियार से उसकी हत्या  कर दी। महिला आठ महीने की गर्भवती थी और उसके गर्भ में जुड़वां बच्चे पल रहे थे। इस वारदात में तीन जिंदगियां खत्म हो गईं। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपी पति मौके से फरार हो गया

साल भर पहले किया था प्रेम विवाह

मृतका के परिजनों के अनुसार, 22 वर्षीय सिमरजीत कौर ने करीब एक वर्ष पहले गांव बुर्ज राठी के युवक सचप्रीत सिंह से प्रेम विवाह किया था। बाद में दोनों परिवारों की सहमति से उनका विवाह विधिवत संपन्न हुआ। परिवार का कहना है कि सिमरजीत आठ महीने की गर्भवती थी और प्रसव के लिए अपने मायके आई हुई थी।

गर्भ में पल रहे जुड़वा बच्चों की मौत

परिजनों का आरोप है कि घटना वाले दिन आरोपी पहले दिन में ससुराल आया और फिर वापस चला गया। देर रात उसने फोन कर सिमरजीत को घर के बाथरूम के पास बुलाया, जहां कथित तौर पर तेजधार हथियार से उसका गला काटकर हत्या कर दी। महिला के गर्भ में जुड़वां बच्चे थे, जिनकी भी मौत हो गई। परिजनों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।

आरोपी की तलाश में छापेमारी

उधर, ठूठियांवाली पुलिस चौकी के प्रभारी मक्कन सिंह ने बताया कि घटना की सूचना गांव के सरपंच ने दी थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के पिता सुखपाल सिंह के बयान के आधार पर आरोपी पति सचप्रीत सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *