महिला से गहने ठगने वाले जैदी दंपती नागपुर से गिरफ्तार - rashtrmat.com

महिला से गहने ठगने वाले जैदी दंपती नागपुर से गिरफ्तार

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। महिला से सोने के गहने ठगकर फरार हुए अंतर्राज्यीय ईरानी गैंग के दो आरोपियों को वारासिवनी पुलिस ने 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया । ठगी के मामले में नागपुर के जरीपटका निवासी जैदी दंपती को गिरफ्तार किया है। यह घटना 23 फरवरी की रात वारासिवनी के नेहरू चौक पर हुई थी। पुलिस ने शनिवार को बताया है कि आरोपी जैदी दंपती ने सब्जी विक्रेता विभा ठाकरे से डॉक्टर का पता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आई-20 कार तथा सोने के गहने सहित करीब 4.10 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजे वार्ड क्रमांक 15 निवासी विद्या ठाकरे को एक महिला और पुरुष ने झांसे में लेकर उनके सोने के गहने उतरवा लिए और फिर उसकी लूट करके सफेद रंग की कार से फरार हो गए। जहां पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत की। जहां पीड़िता की शिकायत पर थाना वारासिवनी में अपराध क्रमांक 77/2026 धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

झुमके और मंगलसूत्र बरामद

थाना प्रभारी पवन यादव और उनकी टीम ने लगभग 150 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसके बाद आरोपियों नादीर जैदी (55) और उनकी पत्नी जैनब जैदी (43) को नागपुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी किए गए 4 लाख 10 हजार रुपए के महिला के कान के झुमके और मंगलसूत्र बरामद किए हैं। साथ ही एक कार भी जब्त की गई है।जैदी दंपती का संबंध ईरानी गैंग से बताया जा रहा है और उनके खिलाफ महाराष्ट्र के मुंबई, कोल्हापुर और नागपुर में लूट, डकैती और चोरी के कई मामले पहले से दर्ज हैं।