नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विकास की रोशनी, ग्रामीणों में खुशी की लहर - rashtrmat.com

नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विकास की रोशनी, ग्रामीणों में खुशी की लहर

राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की ऐतिहासिक पहल से स्वतंत्रता के 78 वर्षों बाद नक्सल प्रभावित पिल्लूर गांव में बिजली पहुंच सकी है। जनसेवा की अभूतपूर्व मिसाल पेश करते हुए सीआरपीएफ की 214 बटालियन द्वारा नेशनल पार्क क्षेत्र के अंदरूनी इलाके में स्थित अत्यंत नक्सल प्रभावित ग्राम पिल्लूर को विद्युत सुविधा से जोड़ा गया।
पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित होती थी
गौरतलब है कि बीजापुर स्थित 214 बटालियन मुख्यालय से पिल्लूर गांव लगभग 87 किलोमीटर दूर स्थित है और यह गांव कई दशकों से बिजली से वंचित था। बिजली नहीं होने के कारण ग्रामीण आदिवासियों को रात्रि के समय अनेक व्यवहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, वहीं स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित होती थी।
ग्रामीणों में आत्मविश्वास बढ़ा
भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ सरकार की नक्सल उन्मूलन के प्रति वचनबद्धता के तहत अक्टूबर 2025 में ग्राम पिल्लूर में एफओबी (फारवर्ड ऑपरेटिंग बेस ) की स्थापना की गई। सीआरपीएफ की उपस्थिति से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना और ग्रामीणों में आत्मविश्वास बढ़ा।
उज्ज्वल भविष्य की नींव
इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव को सुदृढ़ करना और गांव को मुख्यधारा से जोड़ना है। गांव में बिजली पहुंचने के बाद ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल है। इस अवसर पर क्षेत्र के नागरिकों ने सीआरपीएफ एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।