'चुनाव बैलेट से हुए, कांग्रेस कितनी सीटें जीती-PM - rashtrmat.com

‘चुनाव बैलेट से हुए, कांग्रेस कितनी सीटें जीती-PM

 राष्ट्रमत न्यूज,नई दिल्ली(ब्यूरो)। MLC चुनावों के रिजल्ट पर पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तंज कसा है। उन्होंने कहा, ‘4 बड़े राज्यों- उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक में 28 सीटों पर MLC चुनाव हुए। चुनाव बैलेट पेपर से हुए। अंदाजा लगाइए कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं।’दरअसल, पहले इन 28 सीटों में से कांग्रेस के पास 4 सीटें थीं। पार्टी इन चुनावों में एक भी सीट नहीं जीत पाई है। इन 28 में से 16 सीटें पर NDA को जीत मिली है।अमित शाह ने भी एक्स पर एक पोस्ट किया। इसमें उन्होंने लिखा, ‘कांग्रेस ने 28 में से कितनी सीटें जीती…0, बैलेट बॉक्स इस्तीफा दो…।’

बैलेट पेपर से कराने की मांग कर रहा

कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष का आरोप है कि भाजपा EVM में हेरफेर कर चुनाव जीतते आ रही है। हाल के SIR के विरोध के दौरान भी विपक्ष ने भाजपा और चुनाव आयोग पर वोट चोरी कर चुनाव जीतने का आरोप लगाया। लोकसभा और विधानसभा चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग कर रहा है।

UP में किस पार्टी को कितनी सीटें मिलीं
उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों पर चुनाव हुए। फिलहाल तक, पांच सीटों के नतीजे घोषित हुए थे, जिनमें भाजपा ने चार और समाजवादी पार्टी ने एक सीट जीती। भाजपा ने मेरठ शिक्षक, मेरठ स्नातक, बरेली शिक्षक और लखनऊ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में जीत दर्ज की। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के हरि सिंह ढिल्लों ने जीत हासिल की। बाकी सीटों पर मतगणना जारी थी।
कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली
गोरखपुर शिक्षक और आगरा स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा के उम्मीदवार आगे थे। वहीं, वाराणसी स्नातक, आगरा शिक्षक, लखनऊ स्नातक और झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए थे। एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे था। मतगणना प्रक्रिया को लेकर भाजपा और सपा ने एक-दूसरे पर आरोप भी लगाए। हालांकि कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली।

महाराष्ट्र- NDA और विपक्ष को 2-2 सीटें

महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों में से चार के नतीजे आ गए हैं। दो सीटें सत्ताधारी एनडीए यानी महायुति ने जीती हैं और दो सीटें विपक्ष यानी महाविकास आघाडी ने।पुणे शिक्षक सीट पर भाजपा के कौस्तुभ गावडे जीते और अमरावती शिक्षक सीट पर शिंदे की शिवसेना के किरण सरनाईक जीते। दूसरी ओर, छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट पर शरद पवार गुट के प्रतापसिंह पाटील ने सतीश चव्हाण को हराया, और पुणे स्नातक सीट पर भी शरद पवार गुट की हर्षदा देशमुख-जाधव की जीत की खबर है।

कांग्रेस को कहां झटका लगा
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों में से पांच के नतीजे घोषित हुए थे। इन पांच सीटों पर भाजपा, राष्ट्रीय जनता दल (राजद), जनता दल यूनाइटेड (जदयू), जन सुराज पार्टी और एक निर्दलीय उम्मीदवार ने एक-एक सीट जीती। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में राजद ने पांच बार के भाजपा एमएलसी नवल किशोर यादव को हराया। तिरहुत शिक्षक सीट पर भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने मौजूदा सीपीआई एमएलसी संजय सिंह को शिकस्त दी। दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जन सुराज पार्टी के सुरेश राय ने कांग्रेस नेता और बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मदन मोहन झा को हराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *