भोपाल में गैंगस्टर मुख्तार मलिक का बेटा यासीन गिरफ्तार - rashtrmat.com

भोपाल में गैंगस्टर मुख्तार मलिक का बेटा यासीन गिरफ्तार

 राष्ट्रमत न्यूज,भोपाल(ब्यूरो)।  भोपाल में जिला बदर के आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में यासीन मलिक को कोहेफिजा पुलिस ने रविवार रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यासीन मलिक कुख्यात बदमाश मुख्तार मलिक का बेटा है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिला बदर में रहते हुए रविवार को मां से मिलने आया था। मां के घर के बाहर से मुखबिर की सूचना पर उसकी गिरफ्तारी की गई है।

जिला बदर की कार्रवाई को तीन महीने हुए

कोहेफिजा थाना प्रभारी केजी शुक्ला के मुताबिक यासीन मलिक के खिलाफ करीब नौ आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता को देखते हुए प्रशासन ने उसे छह माह के लिए जिला बदर किया था। हालांकि जिला बदर की अवधि पूरी होने से पहले ही वह भोपाल में नजर आया। बताया जा रहा है कि जिला बदर की कार्रवाई को अभी तीन महीने ही हुए थे।

जिला बदर के बावजूद शहर में क्यों

पुलिस के अनुसार देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि यासीन मलिक कोहेफिजा इलाके में अपनी मां के घर के बाहर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को मौके से दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी तलाशी ली, लेकिन उसके पास से किसी प्रकार का हथियार बरामद नहीं हुआ। इसके बावजूद पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह जिला बदर के बावजूद शहर में क्यों मौजूद था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *