राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में 122 आवेदकों ने अपनी समस्याओं का आवेदन दिया। परसवाड़ा के साकेत बघेल अपनी छोटी बहन के साथ पहुंचे। उन्होंने अपने पिता संतोष बघेल पर घर से निकालने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई।साकेत बघेल ने बताया कि उनके पिता दूसरी शादी करना चाहते हैं। इसी कारण पिता, बुआ और फूफा ने उन्हें घर से निकाल दिया। वर्तमान में वे अपनी बहन के साथ परसवाड़ा में रह रहे हैं। साकेत के अनुसार, पिता और फूफा वहां भी आकर उन्हें धमकी देते हैं और उनके गैरेज को तोड़ने की बात कहते हैं। वे यह भी कहते हैं कि वे उनकी औलाद नहीं हैं, जिससे उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है।

छोटी बहन की गर्दन पर हंसिया रखा
साकेत ने जनसुनवाई में यह भी आरोप लगाया कि मां प्रेमलता बघेल के जीवित रहते हुए भी पिता हमेशा दूसरी शादी की बात करते थे। मार्च 2021 में पिता, उनकी बहनों और फूफा ने मिलकर मां के साथ मारपीट की और उन्हें कुएं में फेंककर उनकी हत्या कर दी थी। साकेत का दावा है कि घटना की सच्चाई किसी को भी बताने पर छोटी बहन की गर्दन पर हंसिया रखकर जान से मारने की धमकी दी गई थी, जिसके कारण वे चुप रहे।

घर से निकाल दिया
साकेत ने बताया कि बीते मार्च में पिता, बुआ और फूफा ने उन्हें फिर से घर से निकाल दिया। इसके बाद भी उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जा रहा है और आए दिन प्रताड़ित किया जाता है। उन्होंने मां की मौत और प्रताड़ना के संबंध में पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की।