राष्ट्रमतन्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। कलेक्ट्रेट कार्यालय में मोहझरी के दर्जन भर किसानों ने अपनी परेशानी को लेकर जिला प्रशासन को शिकायत की। किसानों ने बताया कि बाढ़ में उनकी फसल तबाह हो गई।अब सोसायटी से लिया गया कर्ज और खाद के पैसो के लिए सोसायटी के कर्मचारियों के द्वारा परेशान किया जा रहा है। किसानो ने मांग की है कि या तो किसानो को बाढ़ में तबाह हुई खरीब की फसल का उचित मुआवजा दिया जाये या फिर किसानो का कर्ज माफ किया जाये।
नुकसान प्रतिवेदन भेजा गया
मोहझरी के किसानों ने बताया कि खेतों में धान की फसल बोए थे,लेकिन अतिवृष्टि के चलते खेतों में पानी भर गया। कीटों नें फसल को नष्ट कर दिया।कृषि विभाग एवं हल्का पटवारी ने नुकसान के संबंध में प्रतिवेदन संबंधित विभाग को भेज दिया है, परंतु आज दिनांक तक किसी प्रकार की मुआवजा राशि राशि नहीं दी गयी है।
मुआवजा दिये जाने की मांग
किसानों ने कहा कि उन्होने बीज,जुताई एवं अन्य कार्यों के लिए जिला सहकारी बैंक से ऋण प्राप्त किया था। जिसका भुगतान फसल उपज के विक्रय पश्चात किया जाना होता है। परंतु फसल के नष्ट होने से उक्त ऋण राशि का भुगतान करने में असमर्थ है। ऐसे में पीड़ित परेशान किसानों ने ऋण की वसुली को स्थगित कर ऋण माफ करने व फसल नुकसानी पर उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की हैं।