राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।शहर के इतवारी बाजार में स्थित एक जर्जर दुकान को मंगलवार 14 जुलाई को नगर पालिका परिषद बालाघाट ने सुरक्षा की दृष्टि से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई पूर्व में जारी किए गए नोटिस के पालन में की गई।
जर्जर भवन गिराए जाएंगे
मुख्य नगर पालिका अधिकारी सूर्यप्रकाश उके ने बताया कि संबंधित भवन मालिक को जर्जर दुकान को हटाने के लिए पहले ही नोटिस जारी किया गया था। भवन की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसे मशीन की सहायता से डिस्मेंटल किया गया। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर मृणाल मीना के निदेर्शानुसार जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में ऐसे सभी जर्जर भवनों की पहचान की जा रही है, जिनसे जनहानि की आशंका है। चिन्हित भवनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा। किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। नगर पालिका बालाघाट ने भवन स्वामियों से भी अपील की है कि यदि उनकी इमारतें जर्जर अवस्था में हैं तो उन्हें समय रहते सुरक्षित कराएं अथवा स्वयं हटाने की कार्रवाई करें।