संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा-सांसद जनार्दन मिश्र के खिलाफ FIR करें - rashtrmat.com

संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा-सांसद जनार्दन मिश्र के खिलाफ FIR करें

  राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। सांसद जनार्दन मिश्र के किसानों को लेकर दिए गए कथित अपमानजनक बयान के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को किसान मोर्चा के नेता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए लिखित शिकायत सौंपी।
आपत्तिजनक टिप्पणी की
संयुक्त किसान मोर्चा के नेता शिव सिंह ने बताया कि 9 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे मऊगंज जिले के ग्राम रकरी स्थित कमल गौशाला में आयोजित गोवर्धन पूजा कार्यक्रम के दौरान सांसद जनार्दन मिश्र ने किसानों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
बीजेपी जनार्दन का इलाज कराए
किसान नेताओं ने कहा कि सांसद जनार्दन मिश्रा मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं तो बीजेपी उनका इलाज कराए। जब देखो अनर्गल बयान देते रहते हैं।आरोप है कि सांसद ने सार्वजनिक रूप से कहा कि किसान केवल तीन महीने खेती करते हैं और बाकी नौ महीने ताश, राजश्री, बोतल, चोंगी और जय भोले में समय बिताते हैं।
सांसद के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध करें
किसान नेताओं का कहना है कि सांसद के इस बयान से पूरे किसान समाज की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। इससे किसानों में भारी आक्रोश है और उन्हें मानसिक पीड़ा हुई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सांसद जैसे जिम्मेदार पद पर रहते हुए इस तरह का बयान देना गंभीर है।संयुक्त किसान मोर्चा ने अपनी शिकायत में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356, 299, 196 और 353 का उल्लेख करते हुए सांसद के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध करने की मांग की है।
नेता एसपी कार्यालय पहुंचे
इससे पहले ऋतुराज पार्क में किसान नेताओं की बैठक हुई। इसके बाद शिव सिंह, रामजीत सिंह, इंद्रजीत सिंह शंखू, सुब्रतमणि त्रिपाठी, शोभनाथ कुशवाहा, संतकुमार पटेल, रामानुज तिवारी, सुग्रीव सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान नेता एसपी कार्यालय पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *