रेंजर की नाक के नीचे दो बाघों की मौत सवालो के घेर में - rashtrmat.com

रेंजर की नाक के नीचे दो बाघों की मौत सवालो के घेर में

राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। वन विभाग का भारी भरकम अमला है।फिर भी जंगल का राजा सुरक्षित नहीं। आखिर किसके संरक्षण में जंगल में शिकारी घुस जाते हैं। और कैसे बाघ की जान के दुश्मन बन जाते हैं और वन विभाग को पता भी नहीं चलता। जब तक पता चलता है तब तक दो बाघ मार दिये जाते हैं। उनकी खाल और नाखून के सिवा कुछ हाथ पुलिस को नहीं लगता। इंन्द्रवती टाइगर रिजर्व में बाघ की दहाड़ किसके इशारे पर खामोश कर दी जाती है इस सवाल का जवाब जंगल भी जानना चाहता है। कितने बाघ की मौत के बाद इसका जवाब वन विभाग देगा यह तो सरकार को भी नहीं पता।


कैसे जंगल में पहुंचे शिकारी
टाइगर रिजर्व की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। पासेवाड़ा रेंजर की नाक के नीचे बाघों का कत्ल हो गया और उन्हें पता भी नहीं। आखिर किसके संरक्षण में सक्रिय हैं शिकारी।आईटीआर के पासेवाड़ा कोर एरिया में दो बाघों के शिकार से हड़कंप मच गया हे। इसी के साथ टाइगर रिजर्व की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल किये जा रहे है।

सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुली

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित इंद्रावती टाइगर रिजर्व (आईटीआर) से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, टाइगर रिजर्व के पासेवाड़ा कोर एरिया में दो बाघों का शिकार किए जाने का मामला उजागर हुआ है। इस घटना ने न केवल वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि इंद्रावती टाइगर रिजर्व की सुरक्षा व्यवस्था की पोल भी खोलकर रख दी है।
जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई
सूत्रों के अनुसार, मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है और बाघों की खाल बरामद होने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले का खुलासा ग्रामीणों और सुरक्षा एजेंसियों को मिली सूचनाओं के बाद हुआ। हालांकि, अब तक वन विभाग की ओर से इस मामले में स्पष्ट और विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
अंतरराज्यीय शिकारी गिरोह की आशंका-
मामले की गंभीरता इस बात से भी बढ़ जाती है कि इंद्रावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र में पिछले कुछ समय से बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ने की सूचनाएं मिल रही थीं। वन्यजीव विशेषज्ञों और जानकारों का मानना है कि इस घटना के पीछे किसी अंतरराज्यीय शिकारी गिरोह का हाथ हो सकता है, जो लंबे समय से इस क्षेत्र में सक्रिय रहा हो।
वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी तेज है कि टाइगर रिजर्व जैसे संवेदनशील क्षेत्र में यदि दो बाघों का शिकार हो जाता है, तो यह सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र की गंभीर विफलता को दर्शाता है। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि क्या संबंधित अधिकारियों को पहले से किसी गतिविधि की जानकारी थी और यदि थी, तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
बाघ संरक्षण पर बड़ा खतरा-
इंद्रावतीटाइगर रिजर्व देश के महत्वपूर्ण बाघ अभयारण्यों में शामिल है। यहां बाघों की संख्या बढ़ाने के लिए वर्षों से करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। ऐसे में दो बाघों के शिकार की घटना संरक्षण प्रयासों को बड़ा झटका मानी जा रही है। वन्यजीव संरक्षण से जुड़े जानकारों का कहना है कि यदि इस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच नहीं हुई, तो भविष्य में भी ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति हो सकती है।
उठ रहे हैं कई अहम सवाल-
टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में शिकारी कैसे पहुंचे?
क्या सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था में चूक हुई?
क्या इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह शामिल है?
वन विभाग को गतिविधियों की जानकारी पहले से थी या नहीं?