बालाघाट में नदी में बहे कार-जेसीबी, 23 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट - rashtrmat.com

बालाघाट में नदी में बहे कार-जेसीबी, 23 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट/भोपाल(ब्यूरो)।मध्यप्रदेश में घनघोर बारिश की वजह से कई नदियों का जल स्तर बढ़ जाने से जन जीवन प्रभावित हुआ है।  बालाघाट में उफनती नदी में कार और जेसीबी बह गईं। डिंडौरी में कई घरों में पानी घुसने से गृहस्थी का सामान बह गया। कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं और जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने भोपाल समेत 23 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने और सतर्कता बरतने की अपील की है।

नदी का जलस्तर बढ़ा

 महाराष्ट्र सीमा से लगी बाघ नदी पर पुल बनाया जा रहा है। तकरीबन 150 मीटर लंबे इस पुल का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 1017.24 लाख रुपए की लागत से किया जा रहा है। बारिश के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ा तो निर्माण कार्य में लगी गाड़ियों को बहा ले गया।डिंडौरी में रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते नर्मदा सहित सहायक नदियों का जल स्तर बढ़ गया है। तुडार नदी में पुलिया के ऊपर पानी बह रहा है, इससे करंजिया ब्लॉक के कई गांवों का संपर्क टूट चुका है। 11 मकानों में पानी घुसने से गृहस्थी का सामान भी बह गया।

23 जिलों में आज अति बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश के 23 जिलों में आज अति भारी और भारी बारिश का अलर्ट है। सोमवार को सागर, दमोह, बैतूल, देवास, आलीराजपुर, उमरिया, सिवनी, छिंदवाड़ा और अनूपपुर में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। रतलाम, उज्जैन, धार, शाजापुर, सीहोर, विदिशा, गुना, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और पन्ना में भारी बारिश हो सकती है।वहीं, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, शहडोल, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, झाबुआ, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, आगर-मालवा, राजगढ़ और भोपाल में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

24 घंटे में 30 जिलों में बरसा पानी

इससे पहले बीते 24 घंटे में 30 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई। छिंदवाड़ा में करीब 3 इंच पानी गिरा। उज्जैन और बालाघाट में सवा 2 इंच जबकि उमरिया-खजुराहो में 2 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई।टीकमगढ़ में डेढ़ इंच, सिवनी में 1 इंच, श्योपुर में पौन इंच, ग्वालियर-गुना में आधा इंच से अधिक और भोपाल, दतिया, मंडला, नौगांव-पचमढ़ी में आधा इंच बारिश हुई। बैतूल, इंदौर, राजगढ़, रतलाम, शिवपुरी, दमोह, जबलपुर, नरसिंहपुर, रीवा, सागर, सीधी, शाजापुर, भिंड, विदिशा, सीहोर, मंदसौर और पांढुर्णा में भी बारिश हुई।

ज्यादा बारिश वाले जिले

आगर-मालवा, अशोकनगर, बड़वानी, बैतूल, भोपाल, बुरहानपुर, देवास, गुना, ग्वालियर, हरदा, इंदौर, खंडवा, खरगोन, मंदसौर, नीमच, राजगढ़, सीहोर, शाजापुर, श्योपुर, उज्जैन, पांढुर्णा और सिवनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *