राष्ट्रमत न्यूज बालाघाट(ब्यूरो)।बालाघाट में बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने बुधवार को प्रशासन को सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। ऑपरेटर्स ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो 7 अगस्त की रात से बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा।उनकी प्रमुख मांगों में बसों का राष्ट्रीयकरण रोकने, रॉयल्टी का विरोध करने और यात्री किराए में वृद्धि करना शामिल है। ऑपरेटर्स का कहना है कि सरकार 7 जुलाई 2026 के राजपत्र के माध्यम से बसों का राष्ट्रीयकरण कर बस व्यवसाय को समाप्त करने की दिशा में बढ़ रही है, जिसे वापस लिया जाना चाहिए।
डीजल की कीमतें बढ़ी हैं
इसके अतिरिक्त, सरकार द्वारा 6 जुलाई को टेंडर के माध्यम से बसों की रॉयल्टी लेने की तैयारी का भी विरोध किया गया है। ऑपरेटर्स ने 2021 के बाद यात्री किराए का निर्धारण न होने पर चिंता व्यक्त की, जबकि डीजल की कीमतें बढ़ी हैं। उन्होंने 2.50 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से किराया बढ़ाने की मांग की है।अन्य मांगों में नवीन यात्री वाहनों का पंजीयन, 15 साल बाद बसों का संचालन बंद करने के निर्णय को वापस लेना (फिटनेस रहने तक संचालन की अनुमति), परमिटों का नवीनीकरण, अस्थाई परमिटों की स्वीकृति जारी रखना और परिवहन कार्यालय के अधिकारियों की कार्यशैली में सुधार शामिल है।बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश चौहान ने बताया कि सरकार बस ऑपरेटर्स की मांगों को सुनने के लिए तैयार नहीं है। इसी कारण एसोसिएशन ने 7 अगस्त की रात से बसों का संचालन बंद करने का फैसला लिया है।