इंदौर में पार्षद करा रहा था बोरिंग,गैस पाइपलाइन में ब्लास्ट, 4 लोग झुलसे - rashtrmat.com

इंदौर में पार्षद करा रहा था बोरिंग,गैस पाइपलाइन में ब्लास्ट, 4 लोग झुलसे

राष्ट्रमत न्यूज,इंदौर(ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के इंदौर में मंगलवार को सुमन नगर जैन मंदिर के पास अवंतिका गैस पाइपलाइन में विस्फोट हो गया। हादसे में विजय पटेल समेत कुल 4 लोग झुलस गए। घायलों में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर राजकुमारी झाला भी शामिल है। धमाके के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

पाइपलाइन की स्थिति की जांच शुरू

विजय नगर पुलिस के मुताबिक, जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां स्थानीय पार्षद बालमुकुंद सोनी बोरिंग करा रहे थे। इसी दौरान अवंतिका गैस पाइपलाइन फट हो गई। पाइपलाइन फटने के बाद गैस लीक हो गया। कुछ समय बाद गैस ने आग पकड़ ली।हादसे के बाद संबंधित विभागों ने गैस सप्लाई और पाइपलाइन की स्थिति की जांच शुरू कर दी है। पता लगाया जा रहा है कि पाइपलाइन किस प्रकार क्षतिग्रस्त हुई। विस्फोट की परिस्थितियां क्या थीं। फिलहाल विस्फोट के सटीक कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पूरे क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी

अचानक हुए धमाके के बाद आसपास के रहवासी अपने घरों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट की आवाज काफी तेज थी, जिससे कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।हादसे में झुलसे सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। प्रशासन की ओर से अन्य घायलों की पहचान और उनकी स्थिति को लेकर डिटेल जानकारी जारी नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *