राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।दक्षिण वन मंडल बालाघाट सामान्य के वन परिक्षेत्र खैरलांजी वन परिक्षेत्र के भंडारबोड़ी अंतर्गत पीपरटोला में भालू का शिकार कर टुकड़े करके कुएं में फेंकने वाले 3आरोपियों को वन विभाग ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो आरोपी फरार है। इनके कब्जे से नाखून बरामद किए गए हैं। पकड़े गए आरोपी सुरेंद्र पिता हरीराम गोंड 40 वर्ष निवासी पिपरटोला और छबिलाल पिता टीकाराम उइके 38 वर्ष भंडारबोड़ी निवासी है। सुअर का शिकार करने बिजली का तार बिछाया लेकिन करेंट भालू का लग गया।

सुअर को मारने बिछाया था करेंट
गिरफ्तार आरोपियों में पिपरटोला निवासी सुरेंद्र पिता हरीराम गोंड (40), दुर्गाप्रसाद और भंडारबोड़ी निवासी छबिलाल पिता टीकाराम उइके (38) शामिल हैं। इनके पास से भालू के नाखून, करंट लगाने का तार और भालू को काटने में इस्तेमाल किया गया फरसा बरामद किया गया है। तीनों आरोपियों को वन विभाग ने न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है।वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने जंगली सुअर का शिकार करने के लिए बिजली का करंट बिछाया था। इसी करंट की चपेट में आकर एक नर भालू फंस गया।
भालू को काटने का प्रयास किया
आरोपियों को पता चला कि भालू के दिल का उपयोग तंत्र-मंत्र के लिए किया जाता है। इसके बाद उन्होंने धारदार हथियार फरसे से भालू को काटने का प्रयास किया। हालांकि, वे उसका दिल नहीं निकाल पाए। भालू के शरीर के टुकड़ों को उन्होंने एक किसान के खेत में बने कुएं में फेंक दिया था।
शराब के नशे में थे
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना के दिन वे अत्यधिक शराब के नशे में थे। वन विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 2, 9, 39, 48, 49, 50, 51, 52 संशोधन अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया गया है।