CG में संविदा लाइन कर्मियों की हड़ताल पर रोक,स्ट्राइक पर जाने का ऐलान - rashtrmat.com

CG में संविदा लाइन कर्मियों की हड़ताल पर रोक,स्ट्राइक पर जाने का ऐलान

राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर(ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ में स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के संविदा कर्मचारियों की प्रस्तावित तीन दिनी हड़ताल पर कंपनी ने प्रतिबंध लगा दिया है। जिससे कर्मचारियों में आक्रोश है। वहीं अब विद्युत संविदा कर्मचारी संघ सांकेतिक काम बंद हड़ताल की नई योजना बना रहा है। हालांकि, अब तक संघ की ओर से कोई बयान नहीं आया है, जिसमें कर्मचारी हड़ताल करेंगे या नहीं।यहां बता दें, संघ ने 12 से 14 जनवरी तक तीन दिनी सांकेतिक काम बंद हड़ताल का ऐलान किया था।

 नियमानुसार कठोर कार्रवाई

हड़ताल पर प्रतिबंध को लेकर कंपनी के मुख्य अभियंता (मानव संसाधन) राजेंद्र प्रसाद ने शुक्रवार, 9 जनवरी को आदेश जारी किया। इसमें साफ कर दिया गया है कि सिविल सेवा आचरण नियम और सिविल सेवा नियम के तहत विद्युत वितरण कंपनी के संविदा कर्मचारी प्रदर्शन या हड़ताल नहीं कर सकते हैं। ऐसा करने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि विद्युत सेवा अत्यावश्यक सेवा की श्रेणी में आती है। लिहाजा हड़ताल अवधि में ड्यूटी पर नहीं आने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।