राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में रीवा जिले के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की ई।इस दौरान कलेक्टर ने कुछ विभागों और बैंकों के ढीले रवैये पर असंतोष जताया और निर्देश देते हुए कहा कि बैंकों में जो भी स्वरोजगार के आवेदन लंबित हैं, उन्हें बिना किसी देरी के स्वीकृत कर राशि वितरित कराए। अधिकारी और बैंक शाखा प्रबंधक आपस में बेहतर तालमेल बनाएं ताकि आवेदकों को विभागों या बैंकों का चक्कर न काटना पड़े।

कलेक्टर ने निर्देश दिए
कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग वित्तीय वर्ष के निर्धारित भौतिक और वित्तीय लक्ष्यों को समय सीमा के भीतर हासिल करें। ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों पर जवाबदेही तय की जाएगी। शासन की महत्वाकांक्षी स्वरोजगार योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के हितग्राहियों तक पहुँचाने के लिए बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आगामी 16 जुलाई से जिले की प्रत्येक बैंक शाखा में स्वरोजगार योजनाओं के विशेष मेलों का आयोजन किया जाए। इन मेलों का मुख्य उद्देश्य आवेदकों के विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के लंबित आवेदनों का त्वरित निराकरण करना है।
ऋण की राशि का वितरण नहीं हो पाता
कलेक्टर ने अधिकारियों और बैंक प्रबंधकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि मेलों के दौरान हितग्राहियों के आवेदनों में आ रहे तकनीकी या कागजी व्यवधानों को मौके पर ही दूर किया जाए। अक्सर देखा जाता है कि छोटे-मोटे व्यवधानों की वजह से हितग्राहियों को ऋण की राशि का वितरण नहीं हो पाता है। इन मेलों के माध्यम से हमारा लक्ष्य सभी बाधाओं को दूर कर ज्यादा से ज्यादा प्रकरणों को स्वीकृत कराना है, ताकि युवाओं को समय पर स्वरोजगार का अवसर मिल सके।