राष्ट्रमत न्यूज,प्रयागराज(ब्यूरो)। प्रयागराज में एयरफोर्स का ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। एयरक्राफ्ट हवा में उड़ते-उड़ते डगमगाया और तालाब में गिर गया। 2 सीटर एयरक्राफ्ट में सवार दोनों पायलट सुरक्षित हैं।घटना का वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना को लेकर आई जानकारी के मुताबिक, शहर के बीचों-बीच तालाब में विमान गिरा है। बताया जा रहा है कि एयरक्राफ्ट हवा में उड़ रहा था। अचानक उसका बैलेंस बिगड़ा और केपी कॉलेज के पीछे गिर पड़ा। विमान गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि दूर तक सुनी गई।

तालाब से सटा हुआ स्कूल
हादसा का वीडियो भी सामने आया है। इसमें पैराशूट के साथ एयरक्राफ्ट गिरते हुए दिख रहा है। हादसा बुधवार दोपहर 12 बजे केपी कॉलेज के पीछे हुआ। यह शहर के बीचों-बीच का इलाका है। तालाब से सटा हुआ स्कूल और रिहायशी कॉलोनियां हैं। यहां से माघ मेले की दूरी करीब 3 किमी है।
लोग घटनास्थल पर पहुंचे
रॉकेट के गिरने जैसी आवाज के आते ही लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। देखते ही मौके पर सैड़कों लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची है। पायलटों के सुरक्षित होने की बात सामने आई है। उन्हें निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

2 लोगों को बाहर निकाला
प्रत्यक्षदर्शी पदम सिंह ने बताया-हम लोग स्कूल कैंपस में थे, तभी रॉकेट जैसी आवाज आई। आवाज सुनकर दौड़कर पहुंचे तो देखा कि कुछ लोग दलदल में फंसे थे। हम लोग तालाब में कूद गए और 2 लोगों को बाहर निकाला। एयरक्राफ्ट मेला की तरफ से आया था।
PRO डिफेंस विंग कमांडर देबार्थों धर ने बताया- IAF का माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट बमरौली एयरफोर्स स्टेशन से उड़ान भरते समय तकनीकी खराबी का शिकार हो गया। उसे सुरक्षित रूप से सुनसान इलाके में उतारा गया, जिससे आम लोगों की जान-माल को कोई नुकसान नहीं हुआ। विमान में सवार दोनों पायलट सुरक्षित हैं। हादसे की वजह पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी का आदेश दिया गया है।

बच्चे यह सब देख रहे थे
केपी कॉलेज की एक टीचर ने कहा-करीब 12 बजे हादसा हुआ। हम लोग और बच्चे यह सब देख रहे थे। एयरक्राफ्ट में सवार तीन लोगों को निकाला गया। इसके बाद हमने पुलिस को सूचना दी। फिलहाल प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है।एयरक्राफ्ट को रेस्क्यू करने के लिए NDRF और SDRF की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। तालाब में विमान गिरा है, जहां चारों तरफ जलकुंभी उगी हुई है। ऐसे में अभी तक कोई भी टीम एयरक्राफ्ट तक नहीं पहुंच पाई है