राष्ट्रमत न्यूज,मऊगंज (ब्यूरो)। किसानों की समृद्धि और कृषि को नई तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सीतापुर-हनुमना लिफ्ट इरीगेशन परियोजना से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई का भरपूर लाभ मिलेगा। सिंचाई सुविधा के विस्तार से कृषि क्षेत्र को नई गति मिलेगी और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

किसान नए प्रयोग कर रहे हैं
मऊगंज भले ही नया जिला है, लेकिन प्राकृतिक संसाधनों, सांस्कृतिक विरासत और यहां के लोगों के परिश्रम से जिले का तेजी से विकास हो रहा है। उद्यानिकी में भी किसान नए प्रयोग कर रहे हैं। स्ट्रॉबेरी, काला आलू, विशेष का किस्म के तरबूज और मखाने जैसी नवाचार आधारित खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मऊगंज के टमाटर और प्याज के स्वाद के लोग दीवाने हैं। बहुती एवं अष्टभुजा धाम के विकास से पर्यटन क्षेत्र में विशेष पहचान मिली है और आने वाले समय में बृहद विस्तार से विकसित होगा। देवतालाब मंदिर परिसर को देवलोक बनाया जा रहा है। मऊगंज में मुख्यमंत्री कृषि उपज मंडी हनुमना में आयोजित राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव कार्यक्रम से आयोजित कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े।

आय बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी ली
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मऊगंज जिले के प्रगतिशील किसानों श्री बृजेश कुमार पाण्डेय, श्री बाबूलाल कुशवाहा, श्रीकृष्ण कुमार द्विवेदी तथा श्रीमती अनीता मिश्रा से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने किसानों से उनकी कृषि गतिविधियों,परंपरागत खेती से आधुनिक खेती की ओर हुए बदलाव, कृषि में नवाचार तथा आय बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी ली।
किसानों तक पहुंचाया जा रहा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आगामी रबी सीजन से किसानों को सिंचाई के लिए दिन में दस घंटे बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में निरंतरकार्य कर रही है। फार्मर आईडी तैयार करने के साथ किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाया जा रहा है।

विकास का संदेश दिया गया
महोत्सव में विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर उन्नत बीज, कृषि यंत्र, उर्वरक, ई-विकास के माध्यम से उर्वरक वितरण, प्राकृतिक खेती, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य पालन एवं कृषि अभियांत्रिकी से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई। लोकगीत एवं लोकनृत्य के माध्यम से भी कृषि विकास का संदेश दिया गया।