खराब सड़क स्कूल जाने में रोड़ा,विधायक ने कहा सड़क बनाने पैसा देंगे - rashtrmat.com

खराब सड़क स्कूल जाने में रोड़ा,विधायक ने कहा सड़क बनाने पैसा देंगे

 राष्ट्रमत न्यूज बालाघाट (ब्यूरो)। देश की आजादी के दशकों बाद भी ग्रामीण इलाकों में पक्की सड़कों का अभाव जनजीवन पर भारी पड़ रहा है। मामला वारासिवनी का है, जहाँ ग्राम पंचायत झाड़गांव के सैयाटोला से मेंडकी मार्ग की खस्ताहाल स्थिति के कारण स्कूली बच्चों का पढ़ाई के लिए जाना दूभर हो गया है। बारिश के मौसम में यह मार्ग कीचड़ और दलदल में तब्दील हो जाता है, जिससे बच्चों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है और वे समय पर स्कूल नहीं पहुँच पाते।

सड़क बनवाने का प्रयास करेंगे

ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद स्थानीय विधायक विवेक ‘विक्की’ पटेल ने स्थिति का जायजा लेने के लिए खुद इस मार्ग का निरीक्षण किया। विधायक ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और आश्वस्त किया कि वे जल्द ही संबंधित विभागीय मंत्री से मुलाकात कर इस सड़क के निर्माण का कार्य प्राथमिकता से पूरा करवाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि प्रदेश सरकार इस दिशा में कदम नहीं उठाती है, तो वे विधायक निधि से इस सड़क को बनवाने का प्रयास करेंगे।

सड़कें गड्ढों और कीचड़ से भरी

निरीक्षण के दौरान विधायक पटेल ने  कहा प्रदेश में पिछले 25 वर्षों से भाजपा की सरकार है और यह ‘डबल इंजन’ की सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि ग्रामीण इलाकों में सड़कें गड्ढों और कीचड़ से भरी हैं। जब बच्चे स्कूल ही नहीं पहुँच पाएंगे तो उनका भविष्य कैसे सँवरेगा? उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री भी केवल आश्वासन देते रहे, लेकिन सड़क नहीं बन सकी। ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के चार महीनों में बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *