राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। रीवा के सगरा थाना क्षेत्र के मनकहरी गांव में शुक्रवार को कच्चा मकान निर्माण के दौरान दीवार ढहने से करीब 55 वर्षीय महिला की मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसे में महिला का बेटा और बहू बाल.बाल बचे।

मलबा सविता के ऊपर गिरा
मनकहरी गांव में कच्चे मकान का काम चल रहा था। इसी दौरान पटिया खिसकने से अचानक दीवार भरभराकर गिर गई।दीवार गिरते ही बेटा और बहू किसी तरह बाहर निकल गए लेकिन मलबा सविता के ऊपर गिर जाने से वो उसमें दब गयी।
मलबा निकालने में समय लग गया
सविता के पति विनोद चतुर्वेदी ने बताया कि उनकी पत्नी का पैर फिसलने के कारण वह मलबे में दब गई थीं। उन्हें बाहर निकालने में करीब एक घंटे का समय लगा। बेटे और बहू ने किसी तरह अपनी जान बचाई।

बयान लेने के बाद कार्रवाई
सगरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी दीपक तिवारी ने बताया घटना के कारणों की जांच की जा रही है। और वहां उपस्थिति लोगों के बयान लेने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।