MP में पांच नए एयरपोर्ट को मंजूरी, और चार नई सीधी उड़ानें - rashtrmat.com

MP में पांच नए एयरपोर्ट को मंजूरी, और चार नई सीधी उड़ानें

 राष्ट्रमत न्यूज रीवा/भोपाल(ब्यूरो)। मध्यप्रदेश में रविवार को हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजा भोज एयरपोर्ट से भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता की सीधी हवाई सेवाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि दतिया, सतना और रीवा में एयरपोर्ट शुरू हो चुके हैं, जबकि उज्जैन और शिवपुरी को मंजूरी मिल चुकी है।

अब नियमित उड़ान शुरू

इस दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल-रीवा हवाई कनेक्टिविटी शुरू होने का लंबे समय से इंतजार था। उन्होंने बताया कि जब वे पर्यटन निगम के अध्यक्ष थे, तब भी भोपाल-रीवा हवाई सेवा शुरू करने के प्रयास हुए थे। अब नियमित उड़ान शुरू होने से विंध्य क्षेत्र को राजधानी से सीधा हवाई संपर्क मिल गया है।

रीवा-भोपाल किराया 2700 से, 3500 तक  

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि रीवा से भोपाल का किराया करीब 2700 रुपए से शुरू होगा और इसे 3500 रुपए तक कैप किया गया है। वहीं रीवा-कोलकाता का किराया करीब 3700 रुपए से शुरू होकर अधिकतम करीब 5000 रुपए तक सीमित रखने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि सस्ती हवाई सेवा से आम आदमी के लिए भी विमान यात्रा आसान होगी।

MP में पांच नए एयरपोर्ट को मंजूरी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी के विस्तार को लगातार गति मिल रही है। उन्होंने बताया कि दतिया, सतना और रीवा में एयरपोर्ट शुरू हो चुके हैं, जबकि उज्जैन और शिवपुरी को मंजूरी मिल चुकी है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में प्रदेश के लिए पांच नए एयरपोर्ट की मंजूरी मिलने की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को लगातार नई सौगातें मिल रही हैं और आने वाले समय में प्रदेश के कई शहर हवाई नेटवर्क से जुड़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *