यात्रियों से भरी बस पलटी, 4 घायल,कांच तोड़कर निकले यात्री - rashtrmat.com

यात्रियों से भरी बस पलटी, 4 घायल,कांच तोड़कर निकले यात्री

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट (ब्यूरो)।  बालाघाट से परसवाड़ा जा रही सीताराम बस सर्विस की निजी यात्री बस मगरदर्रा और टिटवा के बीच टाटेकसा पुलिया के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 14 से 15 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की तत्परता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में चार यात्रियों को चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। बस में इमरजेंसी गेट न होने की वजह से फंसे हुए यात्रियों को सामने का शीशा तोड़कर बाहर निकालना पड़ा।

नाले में बस बेकाबू होकर पलट गई
जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक MP 50 ZE 2881 बालाघाट से यात्रियों को लेकर परसवाड़ा की ओर जा रही थी। बस जैसे ही मगरदर्रा से आगे बढ़कर टाटेकसा पुलिया के पास पहुंची, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे तथा बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।घटना की सूचना मिलते ही लामता थाना पुलिस और चरेगांव पुलिस चौकी का दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया और घायलों को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भिजवाया।घायल जानवा निवासी हरेसिंह टेकाम ने बताया कि बस दोपहर करीब सवा दो बजे बालाघाट से चली थी और रास्ते में दो बार खराब हुई थी। इसके बाद ड्राइवर बस को बहुत तेज रफ्तार में चला रहा था, जिसके कारण मगरदर्रा मंदिर पहाड़ी पार करने के बाद टिटवा के पास नाले में बस बेकाबू होकर पलट गई।
घायलों का अस्पताल में इलाज किया गया।

पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई थी। सूचना मिलते ही लामता पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।हादसे में घायल यात्रियों की पहचान रेवतन बाई (47, निवासी कुरेंडा), हरेसिंह टेकाम (46, निवासी जानवा), शिवानी बघेल (22, निवासी बघोली) और जागृति उइके (22, निवासी बघोली) के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस बस के पलटने के कारणों की जांच कर रही है।