राष्ट्रमत न्यूज,नई दिल्ली(ब्यूरो)। तेलंगाना हाई कोर्ट ने केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार के बेटे बागीरथ को सशर्त जमानत दे दी है। बागीरथ को पॉक्सो मामले में गिरफ्तार किया गया था। हाई कोर्ट ने 6 जुलाई को बागीरथ की जमानत याचिका पर अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था।अदालत ने बागीरथ की याचिका को एक-एक लाख रुपये के दो जमानती और अन्य शर्तों पर स्वीकार किया। इसमें जांच में सहयोग करने का निर्देश भी शामिल है।
जमानत देने की मांग की थी
इससे पहले, लोक अभियोजक पल्ले नागेश्वर राव ने आरोपी को जमानत देने का विरोध किया था। उन्होंने तर्क दिया था कि जमानत पर रिहा होने पर वह गवाहों को प्रभावित कर सकता है। साथ ही सबूतों के साथ छेड़छाड़ भी कर सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस आरोप पत्र दाखिल करने वाली है। याचिकाकर्ता के वकील ने तर्क दिया कि बागीरथ 40 दिनों से अधिक समय से न्यायिक हिरासत में है। उन्होंने जमानत देने की मांग की थी।
पॉक्सो मामले में गिरफ्तार किया गया था
बागीरथ को 16 मई की रात पॉक्सो मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। यह मामला 8 मई को पेट बशीराबाद पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था। एक 17 वर्षीय लड़की की मां की शिकायत पर यह मामला दर्ज हुआ था।