राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले के लामता थाना क्षेत्र अंतर्गत राघोटोला यसंगम घाट स्थित त्रिराज वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के पीएच.2 प्लांट में हुई भीषण आगजनी मामले में पुलिस ने सरपंच सहित अन्य लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। कंपनी के गार्ड की शिकायत पर आरोपियों पर रंगदारी मांगने, आगजनी, जानलेवा हमला मारपीट, धमकी और शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच की जा रही है।

मैनेजर से मांगे दस लाख रुपए
पुलिस के अनुसार बुढियागांव निवासी 28 वर्षीय अतुल बघेले जो त्रिराज वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के पीएच.2 प्लांट में गार्ड के रूप में कार्यरत हैं ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 01 जुलाई 2026 को सुबह करीब 11.30 बजे ड्यूटी के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर अभिषेक बिरतिया, सुपरवाइजर हिमांशु राजुरकर और कर्मचारी अजय बनवाले प्लांट में मौजूद थे। तभी ग्राम परतापुर के सरपंच राजेश सिरसाम बुढियागांव निवासी,भाजपा नेता भुवनेश्वर रजक और राकेश दमाहे सहित अन्य लोग प्लांट पहुंचे। रिपोर्ट के मुताबिक आरोपियों ने आते ही प्रोजेक्ट मैनेजर से 10 लाख रुपये की मांग की। मैनेजर ने कंपनी की ओर से ऐसी राशि देने से इनकार कर दिया।
आरोपियों ने पेट्रोल छिड़का
आरोपी कथित रूप से आक्रोशित हो गए और प्लांट में आग लगाने की धमकी देने लगे। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी राकेश दमाहे अपने साथ लगभग 10 लीटर पेट्रोल से भरी केन लेकर आया था। उसने प्लांट परिसर में रखे पाइपों और अन्य सामग्री पर पेट्रोल छिड़कना शुरू कर दिया। जब गार्ड अतुल बघेले ने रोकने का प्रयास किया तो भुवनेश्वर रजक ने कथित रूप से पेट्रोल उसके शरीर पर उड़ेल दिया और साथियों से उसे जला देने के लिए कहा। आरोप है कि इसके बाद सरपंच राजेश सिरसाम ने माचिस जलाकर आग लगा दी,जिससे गार्ड के हाथ झुलस गए। अतुल ने तत्काल बारिश के पानी से भरे गड्ढे में हाथ डालकर आग बुझाई। जिससे उसकी जान बच गई। घटना के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर और अन्य कर्मचारी जान बचाकर मौके से भाग गए। इसके बाद आरोपियों ने गार्ड के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
दोबारा आगजनी की धमकी दी
शिकायत के अनुसारए आगजनी में प्लांट परिसर में रखे प्लास्टिक पाइप, फिटिंग, वाल्व, पैनल, स्काडा सामग्री, डटर सामग्री सहित तीन कंटेनरों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। कंपनी ने इस नुकसान का अनुमान लगभग 4 से 5 करोड़ रुपये बताया है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जाते समय आरोपियों ने धमकी दी कि जब तक उन्हें 10 लाख रुपये नहीं दिए जाएंगे तब तक परियोजना का काम नहीं होने देंगे और दोबारा आगजनी करेंगे।
मेनेजर को जिंदा जलाने की धमकी
अगली बार प्रोजेक्ट मैनेजर को जिंदा जलाने की धमकी दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। थाना लामता पुलिस ने अतुल बघेले की शिकायत पर भाजपा नेता भुवनेश्वर रजक, राकेश दमाहे, राजेश सिरसाम समेत अन्य आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।