लालबर्रा के 3 कृषि केंद्र बिना लाइसेंस के बेच रहे थे बीज - rashtrmat.com

लालबर्रा के 3 कृषि केंद्र बिना लाइसेंस के बेच रहे थे बीज

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। किसानों के हितों की सुरक्षा तथा कृषि आदानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को लालबर्रा क्षेत्र के तीन कृषि केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। एसडीएम वारासिवनी  कार्तिकेय जायसवाल के नेतृत्व में राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने कृषि केंद्रों में बीज, उर्वरक एवं कीटनाशकों के भंडारण और विक्रय व्यवस्था की गहन जांच की।

अभिलेखों का परीक्षण किया गया

निरीक्षण के दौरान मेसर्स केशव बीज भंडार, मानपुर, मेसर्स महामाया कृषि केंद्र, लालबर्रा तथा मेसर्स बिसेन कृषि केंद्र, लालबर्रा में उपलब्ध बीज, उर्वरक एवं कीटनाशकों के स्टॉक, लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर, बिल बुक, बिल फाइल, डिलीवरी चालान सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों का परीक्षण किया गया।

किसी भी  संस्था को बख्शा नहीं जाएगा
जांच में मेसर्स केशव बीज भंडार, मानपुर में स्टॉक पंजी अधूरी पाई गई तथा बिना लाइसेंस सब्जी बीजों का क्रय-विक्रय किया जाना सामने आया। वहीं मेसर्स महामाया कृषि केंद्र, लालबर्रा में अतिरिक्त विक्रेता प्रमाण-पत्र का पंजीयन कराए बिना व्यवसाय संचालित किया जा रहा था। इसके अलावा स्टॉक पंजी एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों का संधारण भी नहीं किया गया था। मेसर्स बिसेन कृषि केंद्र, लालबर्रा में विक्रय स्थल पर बीजों के स्टॉक एवं विक्रय दर का प्रदर्शन नहीं पाया गया।
प्रशासन ने बताया कि तीनों प्रतिष्ठानों में पाई गई अनियमितताएं सीड एक्ट, 1966 एवं सीड (कंट्रोल) आॅर्डर, 1983 के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन हैं। इसके तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *